Home Crime गोदरेज प्रॉपर्टीज ने की बड़ी डील लेकिन नहीं बताया जमीन के मालिक...

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने की बड़ी डील लेकिन नहीं बताया जमीन के मालिक का नाम, ₹7,500 करोड़ मिलने की उम्मीद

3
0

नई दिल्ली : रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने मुंबई में एक बड़ी डील की है। कंपनी ने अपने विस्तार योजना के तहत मुंबई क्षेत्र में 18 एकड़ के आवासीय परियोजना के विकास के लिए एक भूस्वामी के साथ साझेदारी की है। इस परियोजना से 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित राजस्व अर्जित होने की उम्मीद है। कारोबार के विस्तार के लिए गोदरेज प्रॉपर्टीज जमीन की सीधी खरीद भी करती है और भूमि मालिकों के साथ संयुक्त विकास समझौते के तहत आवासीय परियोजनाएं विकसित करती है।
मुंबई की इस कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने मुंबई के ठाणे में 18 एकड़ भूखंड के विकास के लिए संयुक्त विकास समझौता किया है। कंपनी ने हालांकि जमीन के मालिक का नाम उजागर नहीं किया है। गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने कहा, ‘प्रस्तावित विकास मुख्य रूप से आवासीय परियोजना होगी जिसकी अनुमानित राजस्व क्षमता 7,500 करोड़ रुपये से अधिक है।’
ठाणे में चौथा प्रोजेक्ट
कंपनी के एमडी एवं सीईओ गौरव पांडेय ने कहा, ‘उच्च संभावनाओं वाले सूक्ष्म बाजारों में रणनीतिक विस्तार हमारी वृद्धि रणनीति का अहम हिस्सा है और हमारा ध्यान मकान खरीदारों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने पर है।’ उन्होंने कहा कि ठाणे, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में सबसे आकर्षक स्थानों में से एक के रूप में उभरा है। यह ठाणे में कंपनी की चौथी परियोजना होगी।
गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में कंपनी की बिक्री बुकिंग 25% बढ़कर 24,008 करोड़ रुपये रही। उसे वित्त वर्ष 2025-26 में 32,500 करोड़ रुपये के लक्ष्य को हासिल करने का भरोसा है।