Home Maharashtra मुंबई : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार को...

मुंबई : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार को मिलेगा 2.46 करोड़ रुपए

9
0

मुंबई : विक्रोली में सड़क हादसे में घायल होने के करीब 18 महीने बाद दम तोड़ने वाले 39 वर्षीय सचिन रेंकर के परिवार को मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी), मुंबई ने 2.46 करोड़ रुपए का मुआवजा देने का आदेश दिया है। बीमा कंपनी को इस राशि पर 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा। यह हादसा 19 जनवरी 2018 को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर हुआ था। सचिन रैंकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे थे, तभी कथित तौर पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। वह करीब 18 महीने तक बिस्तर पर रहे और 12 जुलाई 2019 को उनकी मौत हो गई। हादसे के समय सचिन एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह ला रेनॉन हेल्थकेयर में जोनल बिजनेस मैनेजर के पद पर काम कर रहे थे और उन्हें प्रतिमाह 1.35 लाख रुपये वेतन मिलता था। न्यायाधिकरण ने उनके रोजगार और आय से जुड़े दस्तावेजों को स्वीकार किया और माना कि दुर्घटना में लगी चोटों के कारण उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी थी। बीमा कंपनी ने दावा किया था कि हादसे के लिए मोटरसाइकिल चालक जिम्मेदार था और कार चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। हालांकि, न्यायाधिकरण ने इन दलीलों को खारिज कर दिया। न्यायाधिकरण ने कहा कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था और बीमा कंपनी लाइसेंस के संबंध में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सकी। न्यायाधिकरण ने मुआवजे की राशि में से 50 प्रतिशत सचिन की पत्नी, 40 प्रतिशत उनके नाबालिग बेटे और 10 प्रतिशत उनकी मां को देने का निर्देश दिया है।