Home Crime मुझे कारण मत बताओ, तत्काल कोई रास्ता निकालो – मुख्यमंत्री उद्धव...

मुझे कारण मत बताओ, तत्काल कोई रास्ता निकालो – मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे

29
0

मुंबई, मुझे कारण मत बताओ, तत्काल कोई रास्ता निकालो, किसी भी हाल में संभाजीनगर शहर के नागरिकों को पानी की उचित आपूर्ति होनी चाहिए, ताकि मौजूदा जल वितरण के तहत ज्यादा पानी जनता को उपलब्ध हो सके। इसके लिए विभागीय आयुक्त स्वयं ध्यान दें, जिससे नागरिकों को योग्य तरीके से पानी मिल सके, ऐसा निर्देश मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कल संबंधित अधिकारियों को दिया।
पानी योजना में काम करनेवाले ठेकेदारों द्वारा लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ऐसी चेतावनी भी मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दी। संभाजीनगर शहर के लिए १,६८० करोड़ रुपए खर्च करके जलापूर्ति योजना को तेज गति से पूरा करने के लिए इस योजना का मुख्यमंत्री संकल्प कक्ष में नियमित समीक्षा करने का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कल अपने सरकारी निवास वर्षा पर आयोजित बैठक में संभाजीनगर शहर की जलापूर्ति योजना के कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक में उद्योगमंत्री तथा संभाजीनगर जिला के पालकमंत्री सुभाष देसाई, स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटील, मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीवास्तव तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। संभाजीनगर शहर की जलापूर्ति योजना निधि के अभाव में रेंगेगी नहीं, सरकार इस पर ध्यान दे रही है। शहर के पारोला तक पानी लाने के साथ भंडारण के लिए टंकी का निर्माण कार्य तत्काल करना होगा। इसके अलावा जायकवाड़ी योजना के लिए केंद्रीय वन विभाग की अनुमति लेने के लिए तत्काल प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया। शहर में नई जलापूर्ति योजना के पूरा होने में अभी समय लगेगा। किसी भी स्थिति में शहर में पानी की समस्या विकट न हो, इसके लिए तेज गति से सभी कार्रवाई करके उपाय योजना करने का निर्देश विभागीय आयुक्त को   मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दिया। शहर की जलापूर्ति परियोजना के ठेकेदार धीमी गति से काम कर रहे हैं, ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। यह अति गंभीर बात है। यदि ठेकेदार के काम में लापरवाही दिखाई दी, तो विभिन्न कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ऐसा मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्पष्ट किया।