Home Crime एनसीबी ने दी क्लीनचिट, आर्यन खान के पासपोर्ट वापस लौटाने की अर्जी...

एनसीबी ने दी क्लीनचिट, आर्यन खान के पासपोर्ट वापस लौटाने की अर्जी कोर्ट में स्वीकृत

64
0

मुंबई, बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के परदेस जाने का रास्ता साफ हो गया है। कोर्ट ने आर्यन का पासपोर्ट वापस लौटाने की अर्जी स्वीकार कर ली है। पिछले साल आर्यन क्रूज ड्रग्स केस में फंसे थे। इसके चलते उन्हें गत २ अक्टूबर को हिरासत में लिया गया और २८ दिन जेल में बिताने पड़े थे। कई महीने चली इस कानूनी लड़ाई के बाद पिछले महीने एनसीबी ने शाहरुख खान के लाडले आर्यन को क्लीनचिट दे दी थी। सबूतों के अभाव में आर्यन को इस केस में राहत मिली थी। इसके बाद आर्यन ने स्पेशल कोर्ट से पासपोर्ट लौटाने की मांग की थी और इसी को लेकर कल बुधवार को कोर्ट में सुनवाई हुई।
बता दें कि हाई-प्रोफाइल ड्रग मामले में वह गिरफ्तार हुए थे तो आर्यन खान ने जमानत की शर्तों के तहत कोर्ट में अपना पासपोर्ट जमा किया था। गत ३० जून को आर्यन खान ने स्पेशल कोर्ट में एप्लीकेशन डाली थी, जिसमें उन्होंने अदालत से अपना पासपोर्ट वापस मांगा था। इस दौरान एनसीबी ने अदालत में कहा कि उन्हें पासपोर्ट लौटाने और जमानत बॉन्ड रद्द करने से कोई आपत्ति नहीं है। स्पेशल कोर्ट के न्यायधीश वीवी पाटील ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए आर्यन के पासपोर्ट लौटाने की अर्जी को स्वीकार कर लिया। वहीं आर्यन खान के वकील अमित देसाई ने कहा कि एनसीबी पहले ही आर्यन खान को क्लीनचिट दे चुकी है। इस केस में आर्यन के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। अब इस  मामले में आर्यन के खिलाफ कोई जांच भी नहीं होनी है, तो ऐसे में उनका जमानत बॉन्ड रद्द किया जाए और पासपोर्ट लौटाया जाए। गौरतलब है कि गत ३ अक्टूबर को आर्यन खान को एनसीबी ने गिरफ्तार किया था। क्रूज शिप पर एनसीबी ने छापा मारा था और कई नामी लोगों को गिरफ्तार किया था।