Home Crime वसई-विरार शहर में हर महीने एक करोड़ रुपए की बिजली चोरी

वसई-विरार शहर में हर महीने एक करोड़ रुपए की बिजली चोरी

12
0

वसई : वसई-विरार शहर में बिजली चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महावितरण के अधिकारी ने बताया कि हर महीने औसतन एक करोड़ रुपए की बिजली चोरी हो रही है। चालू वित्तीय वर्ष के पिछले १० महीनों में महावितरण के उड़नदस्ते ने बिजली चोरी के २,५०० से अधिक मामले उजागर किए हैं। महावितरण ने बताया कि यहां १०.५ करोड़ रुपए की बिजली चोरी पकड़ी गई है।
वसई-विरार शहर में महावितरण के १० लाख से अधिक घरेलू, औद्योगिक, वाणिज्यिक और कृषि बिजली उपभोक्ता हैं। विद्युत आपूर्ति के दौरान कभी-कभी तकनीकी समस्या उत्पन्न हो जाती है और विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानों पर छुपे तरीकों से बिजली की चोरी बढ़ने लगी है। वसई-विरार शहर में बड़ी संख्या में अवैध चालियां और झुग्गी-झोपड़ियां बनाई जा रही हैं। इन चालियों, झुग्गी-झोपड़ियों में और भी ज्यादा चोरी के मामले पाए जा रहे हैं। बढ़ती बिजली चोरी से आम जनता के साथ-साथ महावितरण को भी नुकसान हो रहा है। इस बिजली चोरी से महावितरण को आर्थिक नुकसान होने लगा है। यहां बिजली चोरी एक बड़ी समस्या बन गई है।
महावितरण ने बताया है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए महावितरण ने वसई-विरार शहर के विभिन्न इलाकों में उड़नदस्ते तैनात किए हैं। वित्तीय वर्ष २०२४-२५ के मात्र १० माह में ही इन टीमों ने २,५४० स्थानों पर बिजली चोरी के मामले उजागर किए हैं। इन बिजली चोरों ने १० करोड़ ७७ लाख ४८ हजार रुपए की बिजली चोरी की है।