Home Country मुंबई फिजिक्स फोरम का कारनामा, पाकिस्तान का परमाणु बम बनाने वाले वैज्ञानिक...

मुंबई फिजिक्स फोरम का कारनामा, पाकिस्तान का परमाणु बम बनाने वाले वैज्ञानिक का ऑनलाइन लेक्चर करवाया, विवाद

1
0

मुंबई : हाल के वर्षों में पहली बार मुंबई में एक पाकिस्तानी वैज्ञानिक के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नोबेल पुरस्कार विजेता अब्दुस सलाम की जन्म शताब्दी के अवसर पर रखा गया था। कार्यक्रम न सिर्फ पाकिस्तानी वैज्ञानिक के सम्मान में आयोजित किया गया, बल्कि इस कार्यक्रम में जाने-माने परमाणु भौतिक विज्ञानी परवेज अमीराली हुदभॉय ने इस्लामाबाद से ऑनलाइन व्याख्यान दिया। परवेज अमीराली हुदभॉय वही हैं जिन्होंने पाकिस्तान का परमाणु बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
‘द ट्रुथ अबाउट अब्दुस सलाम: साइंस, फेथ एंड द एटम बॉम्ब’ विषय पर यह प्रस्तुति ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स’ की मुंबई उप-क्षेत्रीय परिषद द्वारा आयोजित की गई थी। इसमें मुख्य रूप से मुंबई के विभिन्न कॉलेजों और ‘टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च’ के भौतिकी शिक्षक शामिल थे।
दिल्ली से सांस्कृतिक संवाद से पहले आयोजन

मुंबई का यह आयोजन नवंबर के आखिर में दिल्ली में होने वाले ‘शंघाई सहयोग संगठन सिविलाइजेशनल डायलॉग’ (सांस्कृतिक संवाद) से पहले हुआ है, जिसमें पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री के भी शामिल होने की उम्मीद है।
‘पाकिस्तान में वैज्ञानिक को सम्मान नहीं’

हुदभॉय ने अब्दुस सलाम को भारत और पाकिस्तान के बीच सद्भावना का दूत बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि इस महान वैज्ञानिक को भारत में सम्मान मिल रहा है, लेकिन पाकिस्तान में ऐसा नहीं है, क्योंकि सलाम अहमदीया समुदाय से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने कहा कि यह दुखद है, क्योंकि इस समय पाकिस्तान के युवाओं के लिए कोई वास्तविक आदर्श (रोल मॉडल) नहीं है।
पाकिस्तान का परमाणु बनाने में रहा अहम रोल

हुदभॉय ने बताया कि सलाम का भारतीय वैज्ञानिकों के साथ काफी जुड़ाव रहा और वे अपने पीछे एक समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि 20वीं सदी में भौतिकी के क्षेत्र में सीवी रमन और जगदीश चंद्र बोस के साथ-साथ अब्दुस सलाम भी एक प्रमुख हस्ती थे। हुदभॉय खुद एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक हैं। उन्हें 1998 में फुलब्राइट अवार्ड और 2001 में यूनेस्को कलिंग पुरस्कार मिला था। उन्होंने बताया कि जब पाकिस्तान ने परमाणु हथियार विकसित करने पर काम शुरू किया, तो पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो के कार्यकाल में शुरुआती शोध के दौरान सलाम ने अहम भूमिका निभाई थी।