Home Crime फेक इंडियन पासपोर्ट के साथ हिरासत में बांग्लादेशी नागरिक

फेक इंडियन पासपोर्ट के साथ हिरासत में बांग्लादेशी नागरिक

7
0

मुंबई. छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इमिग्रेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों की सजगता से एक बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शमीम मोहम्मद सत्तार को फेक इंडियन पासपोर्ट के साथ बांग्लादेश जाने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया. शमीम साल 2002 से गुजरात के वडोदरा में रह रहा था और खुद की पहचान भारतीय नागरिक अजय दिलीपभाई चौधरी के नाम से बताता था. एयरपोर्ट पर शुरुआती पूछताछ में वह अपनी पहचान और दस्तावेजों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद सहार पुलिस (मुंबई) को सूचना दी गई.
पुलिस जांच में पता चला कि शमीम मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है, जिसने पहले सिंगापुर में काम के दौरान एक भारतीय महिला संगीता चौहान से शादी की थी. साल 1995 में हुई इस शादी के बाद वह साल 2002 में भारत आया और वडोदरा में बस गया. पत्नी संगीता की मदद से उसने फर्जी दस्तावेज बनवाए और अहमदाबाद पासपोर्ट कार्यालय से अजयभाई दिलीपभाई चौधरी के नाम से भारतीय पासपोर्ट भी हासिल कर लिया.
अफसरों के उड़े होश
फर्जी पासपोर्ट के जरिए शमीम कई बार विदेश यात्रा कर चुका है, जिसमें बांग्लादेश की यात्राएं भी शामिल हैं. जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने शमीम से उसकी बांग्लादेश यात्रा को लेकर सवाल किए, तो वह भ्रमित हो गया और सही जवाब नहीं दे सका. संदेह गहराने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपनी असली पहचान और बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार कर ली. शमीम की हकीकत के बारे में जानकर अफसरों के होश उड़ गए. बता दें कि अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए बांग्‍लादेशी नागरिकों को देश से बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया गया है. सिक्‍योरिटी चेक को सख्‍ती से लागू किया जा रहा है.