Home Crime मुंबई: एसटी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 7 फीसदी की बढ़ोतरी

मुंबई: एसटी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 7 फीसदी की बढ़ोतरी

14
0

मुंबई: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) के कर्मचारियों को राज्य सरकार की ओर से बड़ी सौगात दी गई है। एसटी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 7 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इसके चलते अब तक 46% मिल रहा डीए बढ़कर 53% हो गया है। इसके साथ ही सुरक्षा के लिए दुर्घटना बीमा कवर जैसी नई सुविधाएं भी लागू की गई हैं। वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनकी पत्नी को भी मुफ्त यात्रा पास देने का निर्णय लिया गया है।
महंगाई भत्ता बढ़ा, कर्मचारी खुश
राज्य भर के एसटी कर्मचारी संगठनों की ओर से महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संदर्भ में सह्याद्री अतिथि गृह में वरिष्ठ अधिकारियों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें जून 2025 से मूल वेतन पर 53% महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में कर्मचारियों को 46% महंगाई भत्ता मिल रहा है।
दुर्घटना बीमा कवर भी मिलेगा
एसटी कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक और बड़ा फैसला किया है। अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ समझौता कर दुर्घटना बीमा कवर योजना लागू की गई है। जिन कर्मचारियों का वेतन खाता एसबीआई में है, उन्हें ड्यूटी पर हो या न हो, दुर्घटना होने पर बीमा का लाभ मिलेगा। इसके तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1 करोड़ रुपये का बीमा, पूर्ण विकलांगता होने पर 1 करोड़ और आंशिक विकलांगता होने पर 80 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा।