Home Crime बिना केवाईसी सिम बेचने का आरोप, मुंबई में व्यक्ति गिरफ्तार

बिना केवाईसी सिम बेचने का आरोप, मुंबई में व्यक्ति गिरफ्तार

1
0

मुंबई: मुंबई की खार पुलिस ने बिना जरूरी दस्तावेज और केवाईसी प्रक्रिया के सिम कार्ड बेचने के आरोप में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नियमों और टेलीकॉम एक्ट, 2023 के प्रावधानों का उल्लंघन करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बांद्रा निवासी ईमान अब्दुल जब्बार शेख के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि वह दूसरे लोगों के नाम पर रजिस्टर्ड सिम कार्ड बिना उचित सत्यापन के बेच रहा था।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। जांच के दौरान पुलिस ने डिकॉय कस्टमर यानी नकली ग्राहक का इस्तेमाल कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। डिकॉय ग्राहक के जरिए हुई कार्रवाई पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को मिली सूचना के आधार पर खार पुलिस ने पश्चिम खार इलाके में लिंकिंग रोड स्थित केवाईसी आउटलेट के पास आरोपी पर नजर रखी। इसके बाद पुलिस ने एक डिकॉय ग्राहक को आरोपी के पास भेजा। नकली ग्राहक ने आरोपी से कहा कि उसके पास आधार कार्ड नहीं है, लेकिन उसे एक नया मोबाइल सिम कार्ड चाहिए।
आरोप है कि इस पर आरोपी ने बिना किसी दस्तावेज और केवाईसी प्रक्रिया के एक एक्टिवेटेड सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात कही। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस सिम कार्ड के लिए 2,000 रुपये की मांग की थी। बिना दस्तावेज सिम देने का आरोप पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर टेलीकॉम नियमों की अनदेखी कर सिम कार्ड उपलब्ध करा रहा था। नए सिम कार्ड जारी करने के लिए ग्राहक की पहचान और पते का सत्यापन जरूरी होता है। इसके लिए केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इन नियमों को दरकिनार करते हुए बिना पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों के सिम देने की कोशिश की। टेलीकॉम एक्ट के तहत कार्रवाई खार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ टेलीकॉम एक्ट, 2023 और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी कितने समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था और उसने अब तक कितने लोगों को बिना सत्यापन वाले सिम कार्ड उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास ऐसे सिम कार्ड कहां से आते थे और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।