Home State कड़ी सुरक्षा में निकला हाथरस पीड़िता का परिवार, आज होगी सुनवाई

कड़ी सुरक्षा में निकला हाथरस पीड़िता का परिवार, आज होगी सुनवाई

57
0

हाथरस : कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजन राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। आज इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में इस मामले की सुनवाई है। परिवार से सदस्य सुबह के वक्त पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ निकले। एसडीएम अंजलि गंगवार ने बताया कि वह खुद परिवार के साथ जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। डीएम और एसपी भी साथ में रहेंगे। कोर्ट में परिजन इस मामले के संबंध में बयान देंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता के पिता, मां, भाई सहित पांच लोग कोर्ट में बयान देंगे।
दरअसल, पुलिस का प्लान पीड़ित परिजन को रविवार को ही ले जाने का प्लान था। लेकिन परिवार ने खुद की जान का खतरा बताते हुए रात में जाने से इनकार कर दिया था। हाई कोर्ट ने हाथरस कांड का खुद संज्ञान लिया है। कोर्ट ने प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, एसपी और डीएम हाथरस को तलब किया है। उधर, हाथरस कांड की जांच शुरू करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम रविवार शाम चंदपा थाना क्षेत्र के बूलागढ़ी गांव में पहुंच गई है। सीबीआई की टीम दिल्ली से अधिकारियों की ब्रीफिंग के बाद यहां पर पहुंची है। सीबीआई ने रविवार को ही इस मामले में केस दर्ज किया था। केस दर्ज करने से पहले यूपी सरकार ने सीबीआई को जांच की अनुशंसा भेजी थी।
बता दें कि 14 सितंबर को हाथरस जिले के चंदपा क्षेत्र में 19 साल की एक दलित युवती से कथित रूप से गैंगरेप का मामला सामने आया था। युवती को पहले अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था जहां बीते 29 सितंबर को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद रात में ही पीड़िता का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इसके बाद घटना के विरोध में देश में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पीड़िता के परिवार से मिलने हाथरस गए थे।