Home Maharashtra अंधेरी पश्चिम बीएमसी चुनाव; त्रिकोणीय मुकाबला

अंधेरी पश्चिम बीएमसी चुनाव; त्रिकोणीय मुकाबला

7
0

मुंबई : बीएमसी चुनाव के मद्देनजर अंधेरी पश्चिम विधानसभा सीट काफी महत्वपूर्ण है। इस विधानसभा सीट में मुस्लिम समुदाय और मराठी भाषियों की आबादी ज्यादा है। 2017 में अंधेरी पश्चिम विधानसभा सीट के अंतर्गत आने वाले छह बीएमसी प्रभागों में से 3 सीट बीजेपी ने जीती थी। तो वहीं 1 सीट शिवसेना (अविभाजित), 1 सीट कांग्रेस उम्मीदवार ने जीती थी। ऐसे में यदि इस चुनाव में उद्धव सेना और कांग्रेस को जीत हासिल करनी है, तो उन्हें एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा। हालांकि बीजेपी को थोड़ा फायदा मिल सकता है, क्योंकि इस विधानसभा से बीजेपी के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम विधायक है। यहां त्रिकोणीय मुकाबला देखने मिल सकता है। अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में बीएमसी के छह प्रभाग 64, 65, 66, 67, 69 और 71आते है। कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा करके महाविकास आघाडी को झटका दिया है।
कांग्रेस और उद्धव गुट के बीच बटेंगे वोट
अंधेरी पश्चिम में जातीय समीकरण को देखते हुए कांग्रेस के अकेले लड़ने से उद्धव गुट को झटका लग सकता है। वहीं उद्धव गुट का भी इस वोट पर भरोसा है। पिछले चुनाव में मुस्लिम बहुल इलाका ( वार्ड 66 ) से कांग्रेस पार्टी से मेहर मौसिम हैदर ने जीत हासिल की थी। हालांकि इस बार यह सीट जनरल महिला के लिए रिजर्व हो चुकी है। इसी के साथ ही प्रभाग 64 में भी मुस्लिम वोटों की बड़ी संख्या है, जो पिछली बार शिवसेना की शाहिदा हारून खान ने जीती थी।
ऐसे में इन 2 प्रभागों में बीजीपी को जीत हासिल करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ेगी। इसी के साथ ही मराठी वोटरों पर भी सभी की नजर टिकी हुई है। पिछले चुनाव में प्रभाग 67 और 65 में मराठी भाषी बहुल इलाके में एक सीट बीजेपी और एक सीट कांग्रेस ने जीती थी। इस बार इन मराठी वोटो पर भी तीनों दलों की नजर है।