Home Mumbai राशन दुकानदार से जबरन वसूली के मामले में यूट्यूबर गिरफ्तार… भाई समेत...

राशन दुकानदार से जबरन वसूली के मामले में यूट्यूबर गिरफ्तार… भाई समेत आधा दर्जन से ज्यादा आरोपी नामजद

11
0

मुंबई : गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में राशन दुकानदार को शिकायत का डर दिखाकर कथित तौर पर जबरन वसूली करने के मामले में देवनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जेन सैयद के रूप में हुई है। इस मामले में उसके भाई अफजल समेत आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राशन दुकान में कथित अनियमितता और कालाबाजारी की शिकायत राशनिंग विभाग में करने की धमकी देकर दुकानदार से पैसे की मांग की थी। शिकायत नहीं करने और दुकान चलाने में परेशानी नहीं खड़ी करने के एवज में दुकानदार से कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग की गई।
आरोपियों ने 17 सितंबर को दुकानदार से पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये कथित तौर पर ले लिए। इसके बाद बाकी रकम के लिए दुकानदार पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा। 19 सितंबर को परेशान दुकानदार ने देवनार पुलिस से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत जब आरोपी 25,500 रुपये की दूसरी किश्त लेने पहुंचा, तभी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से 25,500 रुपये नकद बरामद किए।
देवनार पुलिस ने इस मामले में जेन सैयद, उसके भाई अफजल सहित आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में कुल 11 आरोपियों की भूमिका सामने आई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जबरन वसूली के इस मामले में अन्य आरोपियों की क्या भूमिका थी और दुकानदारों से इस तरह की और कितनी घटनाएं की गई हैं।