Home Crime चॉल जमींदोज, एक बच्ची घायल

चॉल जमींदोज, एक बच्ची घायल

42
0

ठाणे, कलवा के घोलाई क्षेत्र में फिर भूस्खलन हुआ है। इस भूस्खलन की चपेट में आकर एक ८ वर्षीय बच्ची घायल हो गई है। पिछले महीने इसी परिसर में भूस्खलन हुआ था, जिसमें एक ही परिवार के ५ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना की खबर मिलते ही मनपा आपदा प्रबंधन विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिहाज से पहाड़ी के पास स्थित उस चॉल को ध्वस्त कर दिया है। कलवा में अब तक तीन भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह ३ बजे कलवा के घोलाई नगर में भूस्खलन होने की सूचना मिली थी। यह सूचना मिलते ही बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। पहाड़ी से गिरा मलबा जीवन दीप चॉल स्थित एक झोपड़े के पतरे को तोड़ता हुआ अंदर आ गिरा। मलबे की चपेट में आकर देवांशी चौहान नामक एक ८ वर्षीया बच्ची घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। यह पूरा परिसर वन विभाग के मातहत है। बता दें कि इसी परिसर में गत १९ जुलाई को भूस्खलन हुआ था, जिसमें एक ही परिवार की दो महिलाओं सहित ५ लोगों की मौत हो गई थी तथा दो बच्चियां बुरी तरह से घायल हो गई थीं। मानसून के दौरान भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सभी चॉल वासियों को घर खाली करने का नोटिस दिया गया है। इसके बावजूद कई परिवार अभी भी जान जोखिम में डालकर वहां रह रहे हैं।