Home Maharashtra गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में फेरी बोट खराब, 38...

गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में फेरी बोट खराब, 38 लोगों की अटकी सांसें

4
0

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास एक बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों को लेकर जा रही एक फेरी अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उसमें सवार लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। जानकारी के मुताबिक, फेरी में 34 यात्री और चार क्रू मेंबर्स समेत कुल 38 लोग सवार थे। समुद्र के बीच अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण फेरी की आवाजाही रुक गई और वह वहीं फंस गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद दूसरी फेरी की मदद ली गई। दूसरी नाव ने खराब हुई फेरी को अपने साथ बांधकर खींचा और सुरक्षित रूप से वापस किनारे तक पहुंचाया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी 38 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फेरी में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक और यात्री समुद्री परिवहन का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और नावों की तकनीकी जांच को लेकर लगातार निगरानी रखी जाती है। इस घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा और समुद्री परिवहन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी नावों की सुरक्षा जांच और संचालन मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।