Home Crime वसई-विरार में बोगस डॉक्टर पर कार्रवाई; एलोपैथी इलाज करते पकड़ा गयाv

वसई-विरार में बोगस डॉक्टर पर कार्रवाई; एलोपैथी इलाज करते पकड़ा गयाv

11
0

विरार। वसई-विरार महानगरपालिका ने बोगस डॉक्टरों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। नालासोपारा (पूर्व) के संतोष भवन परिसर में एक अवैध क्लिनिक पर छापा मारा गया, जहां एक डॉक्टर शहर एलोपैथी चिकित्सा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी, जिसकी पहचान मोहम्मद नसीम खान के रूप में हुई है, उसके पास केवल बी.ई.एम.एस. की डिग्री है, फिर भी वह एलोपैथिक इलाज कर रहा था। यह कार्रवाई मनपा आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी और मुख्य वैद्यकीय अधिकारी डॉ. भक्ति चौधरी के निर्देश पर की गई। बिलाल पाड़ा नागरी प्राथमिक आरोग्य केंद्र की वैद्यकीय अधिकारी डॉ. शाहीन जमीर शेख के नेतृत्व में एक टीम ने ‘तसनीम हेल्थ केअर’ नामक क्लिनिक पर छापा मारा। टीम ने देखा कि मोहम्मद नसीम खान एक 8 महीने के बच्चे का एलोपैथिक इलाज कर रहा था और पर्चा लिख रहा था। जांच में पता चला कि आरोपी के पास एलोपैथी प्रैक्टिस करने का कोई अधिकार नहीं है। क्लिनिक से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं, इंजेक्शन और अन्य चिकित्सा उपकरण जब्त किए गए। डॉ. शाहीन शेख की शिकायत के आधार पर, तुलिंज पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्य वैद्यकीय अधिकारी डॉ. भक्ति चौधरी ने बताया कि महानगरपालिका क्षेत्र में अब तक 31 बोगस डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत और अधिकृत डॉक्टरों से ही इलाज कराएं और किसी भी संदिग्ध चिकित्सा गतिविधि की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग या पुलिस को दें। यह कार्रवाई शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नागरिकों को ऐसे अवैध डॉक्टरों से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।