Home State मुंबई महानगर क्षेत्र में नया किराया लागू… लेकिन मीटर चिप का...

मुंबई महानगर क्षेत्र में नया किराया लागू… लेकिन मीटर चिप का इंतजार, 30 नवंबर के बाद रोजाना जुर्माने से चालक परेशान

11
0

मुंबई : मुंबई महानगर क्षेत्र में संशोधित किराया लागू होने के बाद रिक्शा-टैक्सी चालकों के लिए मीटर रिकैलिब्रेशन का झंझट बढ़ गया है। डिजिटल मीटर में नया किराया दर अपडेट करने के लिए जरूरी चिप की कमी है, जिसके चलते रिकैलिब्रेशन का काम धीमी गति से चल रहा है। ऐसे में हजारों चालकों को मीटर अपडेट कराने के लिए अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है। इस वजह से चालकों में बेचैनी बढ़ रही है। वहीं, 30 नवंबर तक मीटर रिकैलिब्रेशन नहीं कराने वाले वाहनों पर आरटीओ को ओर से रोजाना जुर्माना लगाया जाएगा।
इससे समय पर मीटर अपडेट कराने को लेकर चालकों की चिंता और बढ़ गई है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण ने रिक्शा और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। संशोधित दरें 1 सितंबर से लागू है। टैक्सी का पहले 1.5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया 31 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये और ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़ाकर 27 रुपये किया गया है। वहीं, रिक्शा का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये हो गया है।
चिप की कमी से बढ़ी परेशानी
नए किराए के लिए डिजिटल मीटर में विशेष चिप लगाना जरूरी है। चिप की कमी से रिकैलिब्रेशन प्रभावित हो रहा है। परिवहन विभाग ने कंपनियों और आपूर्तिकर्ताओं के साथ मिलकर चिप उत्पादन व प्रोग्रामिंग शुरू की है, लेकिन उपलब्धता में देरी से चालक परेशान है। मीटर रिकैलिब्रेशन के लिए अधिकृत केंद्र पर नई किराया दर वाली चिप लगाई जाएगी। इसके बाद सड़क पर वाहन की जांच, आरटीओ से मीटर सील और पासिंग प्रमाणपत्र मिलेगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चालक संशोधित किराया वसूल सकेगा। परिवहन विभाग ने चालकों से मनमाना शुल्क वसूले जाने से रोकने के लिए रिकैलिब्रेशन का कुल शुल्क 600 रुपये तय किया है। इसमें मीटर चिप के लिए 280 रुपये, मीटर मरम्मत के 175 रुपये, मीटर जांच के 120 रुपये और सील के 25 रुपये शामिल हैं। केंद्रों पर शुल्क सूची, रसीद और सील नंबर देना अनिवार्य होगा। साथ ही सीसीटीवी चालू रखना भी जरूरी किया गया है।