Home State मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा बदलाव: 12 विदेशी एयरलाइनों की उड़ानें होंगी शिफ्ट,...

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा बदलाव: 12 विदेशी एयरलाइनों की उड़ानें होंगी शिफ्ट, क्या यात्रियों पर भी पड़ेगा असर?

6
0

मुंबई : मुंबई एयरपोर्ट ने मार्च 2027 के समर शेड्यूल के लिए 50 में से 38 विदेशी एयरलाइनों को स्लॉट देने का फैसला किया है। बाकी 12 एयरलाइनों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से उड़ानें संचालित करनी पड़ सकती हैं। यह बदलाव मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के नवीनीकरण के चलते किया जा रहा है।
मुंबई एयरपोर्ट पर मार्च 2027 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी एमआईएएल ने नए समर शेड्यूल के लिए 50 में से 38 विदेशी एयरलाइनों को ही स्लॉट देने का फैसला किया है। बाकी 12 एयरलाइनों को मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानें संचालित करने की अनुमति नहीं मिलेगी। इन एयरलाइनों को अपनी उड़ानें नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से चलानी पड़ सकती हैं।
38 एयरलाइनों को ही मिलेगी जगह

सूत्रों के मुताबिक, एमआईएएल ने गुरुवार को मार्च 2027 से शुरू होने वाले समर शेड्यूल के लिए स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली। इस फैसले के तहत 38 विदेशी एयरलाइनों को मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानें चलाने की अनुमति दी गई है। वहीं, बाकी 12 एयरलाइनों को स्लॉट नहीं दिए गए हैं। ये एयरलाइंस 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए रोजाना करीब 16 उड़ानें संचालित करती हैं।
टर्मिनल के नवीनीकरण से बदलेगी व्यवस्था

दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का अगले साल की शुरुआत से नवीनीकरण किया जाना है। इसी वजह से एयरपोर्ट ऑपरेटर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करना चाहता है। हालांकि, विदेशी एयरलाइंस इस फैसले से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर ले जाने से उनके संचालन और यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
एयरलाइंस ने फैसले पर उठाए सवाल

इस मामले में एयरपोर्ट ऑपरेटर्स कमिटी ने भी एमआईएएल के फैसले पर आपत्ति जताई है। कमिटी से जुड़े सूत्रों का आरोप है कि स्लॉट आवंटन का फैसला बिना जरूरी अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन किए एकतरफा तरीके से लिया गया है। उनका कहना है कि एमआईएएल ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों को नजरअंदाज किया है।