Home Maharashtra दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, 1500...

दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, 1500 गार्ड्स के बावजूद बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

4
0

मुंबई : पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट से पहले एक चिंताजनक खबर सामने आई है। आने वाली 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के लाइव शो को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का दावा किया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद शो की सुरक्षा को लेकर हलचल तेज हो गई है। फैंस के बीच भी इस शो को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांगी गई एक्सट्रा सिक्योरिटी

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र स्टेट पंजाबी साहित्य अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष बाल मलकीत सिंह ने सीएम देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। प्रोग्राम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पत्र के अनुसार मुंबई की मेयर रितु तावड़े को कुछ संदिग्ध ईमेल मिले हैं, जिनमें 27 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट में बम विस्फोट की धमकी दी गई है। ऐसे में इन ईमेल की गंभीरता से जांच करने का अनुरोध किया गया है।
1500 से ज्यादा गार्ड्स के बाद भी सुरक्षा बढ़ाने की मांग

दिलजीत दोसांझ के इस बड़े कॉन्सर्ट के लिए आयोजकों ने पहले से ही सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। कॉन्सर्ट स्थल पर 1500 से ज्यादा निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की योजना है। इसके अलावा सभी 5 एंट्री गेट पर सख्त जांच की व्यवस्था की जाएगी।
हालांकि बाल मलकीत सिंह ने केवल पर्सनल सिक्योरिटी को पर्याप्त नहीं मानते हुए और ज्यादा सरकारी सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वाड और क्विक रिस्पॉन्स टीम की तैनाती का अनुरोध किया है।
साइबर सेल से जांच और तेज करने की अपील

धमकी भरे ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए साइबर सेल से भी फौरन कार्रवाई की मांग की गई है। इसके तहत ईमेल के सोर्स और आईपी एड्रेस का पता लगाने की अपील की गई है, ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।