Home Crime शिवसेना से शिवसेना को लड़ाना चाहती है भाजपा – संजय राऊत

शिवसेना से शिवसेना को लड़ाना चाहती है भाजपा – संजय राऊत

36
0

मुंबई, महाराष्ट्र के तीन टुकड़े करने के सपने को पूरा करने के लिए शिवसेना विरुद्ध शिवसेना ऐसी लड़ाई लगाकर रक्तपात करने की भाजपा की चाल है। ऐसा जोरदार हमला शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने किया। हमें अपने लोगों का रक्तपात नहीं करना है, ऐसा भी उन्होंने स्पष्ट किया। नासिक में संजय राऊत ने पत्रकारों से बात की। मुंबई को स्वतंत्र कर महाराष्ट्र को तीन हिस्सों में बांटने के सपने को पूरा करने के लिए भाजपा शिवसेना को तोड़ना ही नहीं, बल्कि उसे खत्म करना चाहती है। इसके लिए शिवसैनिकों में फूट डालने की, एक-दूसरे पर हमला कर खून-खराबा करने की, यह नीति दिल्ली के समर्थन से भाजपा की है। राज्य के मुख्यमंत्री, विधानसभा के अध्यक्ष पहले शिवसैनिक रह चुके हैं। हमें शिवसैनिकों का रक्तपात नहीं होने देना है। लोगों का खून नहीं बहाना है, भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, हम रास्ता जरूर निकालेंगे, ऐसा संजय राऊत ने कहा।
विधायकों की अयोग्यता की याचिका न्यायालय में प्रलंबित होते हुए भी बहुमत प्रस्ताव लिया गया, जो गैर कानूनी है, राज्यपाल ने संविधान का पालन नहीं किया है इसलिए यह सरकार गैर कानूनी है, ऐसा भी उन्होंने कहा। नासिक जिला शिवसेना अपनी जगह पर कायम है। मालेगांव, नांदगांव के शिवसैनिकों सहित शहर, जिले के सभी तालुकाओं के पदाधिकारी, शिवसैनिक मुझसे कल मिलकर गए, आज भी मिलेंगे, सभी लोग शिवसेना के साथ हैं। कभी चुनाव हुआ तो नासिक में शिवसेना सत्ता में आएगी। ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया। चालीस नए भोंगे मिल गए हैं, इसलिए भाजपा ने मेरे विरोध में बोलना बंद कर दिया है, ऐसा तंज उन्होंने भाजपा पर कसा। वर्तमान में राज्य में चल रही धूल भरी आंधी एक कृत्रिम बादल है। शिवसेना फिर से उड़ान भरेगी, ऐसा सांसद राऊत ने स्पष्ट किया।
युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे की निष्ठा यात्रा को लेकर लोगों में उत्सुकता है। इस यात्रा को जबर्दस्त प्रतिसाद मिलेगा और शिवसेना की ताकत का सभी को पता चल जाएगा। धनुष-बाण शिवसेना का चिह्न रहेगा, ऐसा सांसद संजय राऊत ने स्पष्ट किया। इस मौके पर जिला संपर्कप्रमुख भाऊसाहेब चौधरी, विधायक नरेंद्र दराडे, जिलाप्रमुख विजय करंजकर, सुनील पाटील, सुधाकर बडगुजर, पूर्व विधायक वसंत गीते, दत्ता गायकवाड, अजय बोरस्ते, विलास शिंदे, जयंत दिंडे, मंगला भास्कर, मंदा दातिर, भाऊलाल ताम्बडे, संतोष गायकवाड, सूर्यकांत लवटे, संजय चव्हाण सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।