Home Crime एसीबी का अधिकारी बता कर छापेमारी, गिरोह के सरगना सहित १२ लोग...

एसीबी का अधिकारी बता कर छापेमारी, गिरोह के सरगना सहित १२ लोग गिरफ्तार

150
0

मुंबई, बॉलीवुड मूवी ‘स्पेशल २६’ की तर्ज पर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अधिकारी बनकर फिल्म सिटी में कारोबारी और सरकारी अधिकारियों के घर छापेमारी कर उन्हें लूटनेवाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना सहित १२ लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, तीन महीने पहले नई मुंबई में एक सेवानिवृत सरकारी अधिकारी के घर कुछ लोग अपने आप को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का अधिकारी बता कर छह लोग छापेमारी करने पहुंचे थे। घर में घुसने के बाद इन शातिर लुटेरों ने करीब ३५ लाख रुपए नकद और कीमती सामानों को लेकर रफूचक्कर हो गए थे। शिकायत दर्ज होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने गैंग के ११ लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया था।
विरार पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर राजेंद्र कांबले ने बताया कि नई मुंबई के एरोली में स्थित लोक निर्माण विभाग के एक सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी के घर २१ जुलाई को इस गैंग के ६ लुटेरों ने एसीबी अधिकारी बनकर छापेमारी की। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामानों को एक जगह एकत्रित करते रहे। बाद में यहां से ३४.८५ लाख रुपए नकद और कीमती सामानों को जब्त करने के नाम पर लेकर वे चंपत हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने सरकारी अधिकारी की पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। लुटेरों के चले जाने के बाद सरकारी अधिकारी को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने डवैâती, आपराधिक साजिश, धमकी और सरकारी अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने जैसे अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू की।
राजेंद्र कांबले ने बताया है कि गैंग से जुड़े ११ लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इनसे पूछताछ के बाद गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही थी, जिसकी पहचान ३५ साल के अमित बारीक के तौर पर हुई थी। हाल ही में नई मुंबई पुलिस को सूचना मिली थी कि बारीक, विरार के चंदनसर में मौजूद है। इसके बाद विरार पुलिस की मदद से उसे घेर कर दबोच लिया गया। २२ अक्टूबर को उसकी गिरफ्तारी हुई। इन सभी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस तरह से उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी बनकर कितने लोगों के घर छापेमारी कर लूट की वारदात को अंजाम दिया है।