Home Country मुंबई और ठाणे में भीषण गर्मी; 45 के पार पहुंचा पारा

मुंबई और ठाणे में भीषण गर्मी; 45 के पार पहुंचा पारा

61
0

मुंबई : देश में मॉनसून जल्द दस्तक देगा मगर महाराष्ट्र के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मुंबई और ठाणे में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस क्षेत्र के निवासियों को गर्मी की मार झेलना पड़ रहा है। मुंबई, ठाणे, पालघर जिलों गर्म और आर्द्र स्थितियों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि मुंबई और ठाणे में लू चलने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अकोला में गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो विदर्भ क्षेत्र (पूर्वी महाराष्ट्र) में सबसे अधिक है। इसके बाद यवतमाल (43.5), अमरावती (43.2), ब्रह्मपुरी (43.2), चंद्रपुर (43.2), वर्धा (43.2), गढ़चिरौली (42.6), बुलढाणा (42), वाशिम (42), नागपुर (41.9), गोंदिया (40.4) और भंडारा (40.2) रहा। आईएमडी नागपुर ने विज्ञप्ति में कहा कि अकोला और अमरावती में अगले पांच दिनों तक लू की स्थिति बने रहने की उम्मीद है।
चक्रवात रेमल का अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र (आईएमडी) की ओर से ओडिशा, गुजरात, पश्चिम बंगाल के साथ-साथ महाराष्ट्र के लिए चक्रवात ‘रेमल’ अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से पश्चिम बंगाल के शहर कोलकाता के कुछ हिस्सों में गुरुवार सुबह भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य भाग पर बना निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर पूर्व की ओर बढ़ गया और आज सुबह करीब 08:30 बजे बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य तथा उससे सटे दक्षिण भाग पर एक निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में स्थापित हो गया। इसके उत्तर पूर्व की ओर बढ़ते रहने और शुक्रवार सुबह तक बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक अवदाब में परिवर्तित होने का अनुमान है।
रिपोर्ट में कहा गया,“इसके उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ना जारी रखने के आसार हैं तथा शनिवार सुबह तक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य भाग में चक्रवाती तूफान के रूप में बदल जाने का अनुमान है। साथ ही इसके उत्तर की ओर बढ़ने तथा 26 मई की शाम तक चक्रवाती तूफान के रूप में बंगलादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटों के पास पहुंचने के आसार हैं।” बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य भाग में बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र बना था।