Home Maharashtra मुंबई: आपसी कटाक्ष और पलटवार की वजह से सुर्खियों में राणे बनाम...

मुंबई: आपसी कटाक्ष और पलटवार की वजह से सुर्खियों में राणे बनाम राणे!

14
0

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय सबसे गर्म चर्चाओं में एक नाम है। राणे बनाम राणे! एक ऐसा सियासी ड्रामा, जो घर के अंदर की नाराज़गी से शुरू होकर अब खुले मंच पर आ गया है। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के दोनों बेटे निलेश राणे और नितेश राणे अब सिर्फ विचारों में नहीं, बल्कि शब्दों के स्तर पर भी आमने-सामने आ गए हैं। जिस परिवार की छवि अब तक एकजुट और संगठित मानी जाती थी, वही परिवार अब सोशल मीडिया पर आपसी कटाक्ष और पलटवार की वजह से सुर्खियों में है।
दरअसल, कुछ दिन पहले नितेश राणे ने एक जनसभा के दौरान एक बेहद तीखा बयान दिया “भाजपा का मुख्यमंत्री सबका बाप होता है।” यह बयान उन्होंने धाराशिव जिले में एक भाषण के दौरान दिया था। ये शब्द शिंदे गुट की शिवसेना को चुभ गए। इसे एक तरह से अपने ही गठबंधन के साथी पर हमला माना गया। इस बात को लेकर शिवसेना खेमे में नाराज़गी छा गई। लेकिन सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब नितेश के बड़े भाई निलेश राणे ने ही सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से उनकी आलोचना कर डाली।
बड़े भाई ने छोटे को दी चेतावनी
निलेश राणे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा “नितेश को बोलते वक्त सोच-समझकर बोलना चाहिए। किसके शब्द किसे फायदा पहुंचा रहे हैं, ये जानना ज़रूरी है। हम गठबंधन में हैं, मंच से जोश में बोलना आसान होता है, लेकिन हर बात का असर होता है।” निलेश की ये पोस्ट सिर्फ एक सलाह नहीं थी, बल्कि राजनीतिक गलियारों में इसे सीधे-सीधे डांट माना गया। खासकर इसलिए क्योंकि उन्होंने अपने ही भाई को सार्वजनिक मंच पर घेरा।