Home Crime विदेश भागने की फिराक में था ड्रग तस्कर ‘फरहान’; हैदराबाद एयरपोर्ट से...

विदेश भागने की फिराक में था ड्रग तस्कर ‘फरहान’; हैदराबाद एयरपोर्ट से 2.12 करोड़ के एमडी संग गिरफ्तार

10
0

ठाणे। मानपाड़ा पुलिस स्टेशन की क्राइम ब्रांच ने ड्रग तस्करी के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य फरार आरोपी मोहम्मद रहीम सलीम शेख उर्फ फरहान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.93 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 2.12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह मामला 27 जून को दर्ज हुआ था, जब मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धाराएं 8 (ए), 21 (ए) और 22 (ए) के तहत मामला पंजीकृत किया गया। प्रारंभिक जांच में तीन आरोपियों असील जबार सुर्वे (26 वर्ष), मोहम्मद ईसा मोहम्मद हनीस कुरैशी और एक महिला आरोपी मेहर फातिमा रिजवान देवजानी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। लेकिन इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड फरहान तब से फरार था। पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि फरहान देश छोड़कर विदेश भागने की योजना बना रहा है। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम ने 29 जून को हैदराबाद एयरपोर्ट पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 3 जुलाई को उसे डोंबिवली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि फरहान का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों से लेकर विदेश तक फैला हुआ है।