Home Crime ठाणे में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप बढ़ा; 15 दिन में 146 मरीज स्वास्थ्य...

ठाणे में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप बढ़ा; 15 दिन में 146 मरीज स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

14
0

ठाणे। मानसून की रफ्तार के साथ साथ ठाणे शहर में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप भी तेजी से फैल रहा है। बीते 15 दिनों के भीतर डेंगू के 88 और मलेरिया के 58 मरीज सामने आए हैं। यही नहीं, हैजा, पीलिया, टाइफाइड, लेप्टोस्पायरोसिस और स्वाइन फ्लू जैसे अन्य संक्रमणों में भी वृद्धि हुई है। तेजी से फैल रहे इन रोगों की वजह से शहर के निजी अस्पतालों में बेड की कमी महसूस की जा रही है, जिससे मरीजों को इलाज में परेशानी हो रही है। बता दें कि ठाणे सिविल अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में मलेरिया के 185 और डेंगू के 143 मरीज दर्ज किए गए थे। वहीं जुलाई के पहले 16 दिनों में मलेरिया के 115 और डेंगू के 84 नए मरीज सामने आ चुके हैं। वायरल बुखार के भी जून में 269 और जुलाई में अब तक 221 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए ठाणे महानगरपालिका ने तत्काल कार्रवाई कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में फिलहाल 33 स्वास्थ्य केंद्र 6 प्रसूति गृह और 1 प्रमुख अस्पताल छत्रपती शिवाजी महाराज अस्पताल बीमारी नियंत्रण में जुटे हुए हैं। साथ ही ठाणे मनपा ने 250 कर्मियों की विशेष टीम गठित की है, जो रोजाना विभिन्न सोसायटियों का निरीक्षण कर रही है। इन टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी पानी जमा हो रहा हो, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए। निर्माण स्थलों पर काम करने वाले डेवलपर्स को भी चेताया गया है कि वे पानी जमा न होने दें, क्योंकि यही मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बनता है। वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. उदय कुलकर्णी ने सुझाव दिया है कि मानसून में हल्का, सुपाच्य और गर्म खाना खाएं, मूंग दाल, सूप, दही और हल्दी का सेवन करें। इसके साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए तुलसी और गुडुची का काढ़ा नियमित रूप से पीना चाहिए। मच्छरों से बचाव के लिए नीम के पत्ते जलाने की सलाह भी दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारी प्रसाद पाटिल ने बताया कि मलेरिया और डेंगू की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।