Home Maharashtra धनुष-बाण विवाद पर बोले शिंदे बाला साहेब की अस्मिता से जुड़ा है...

धनुष-बाण विवाद पर बोले शिंदे बाला साहेब की अस्मिता से जुड़ा है चिन्ह

6
0

मुंबई : शिवसेना के चुनाव चिह्न धनुष-बाण को लेकर जारी विवाद के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर निशाना साधा है। शिंदे ने कहा कि धनुष-बाण चुनाव चिह्न को फ्रीज करने या उसे वापस लेने की मांग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि यह केवल एक चुनावी निशान नहीं बल्कि बाला साहेब ठाकरे की अस्मिता और विचारधारा से जुड़ा हुआ है। एकनाथ शिंदे ने कहा कि धनुष-बाण लाखों शिवसैनिकों की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव चिह्न को फ्रीज करने की मांग करना बाला साहेब ठाकरे के विचारों को खत्म करने और महाराष्ट्र की जनता के जनादेश का अपमान करने जैसा है।
शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी बाला साहेब ठाकरे की विचारधारा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बिना नाम लिए विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि 2019 में कुछ लोगों ने बाला साहेब के सिद्धांतों और विचारधारा को छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि धनुष-बाण को लेकर उठाया गया विवाद उन तमाम शिवसैनिकों का अपमान है, जो बाला साहेब ठाकरे के विचारों में विश्वास रखते हैं। शिंदे ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि चुनाव चिह्न केवल पहचान नहीं बल्कि पार्टी की भावना और इतिहास से जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि शिवसेना के चुनाव चिह्न को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों गुट धनुष-बाण चुनाव चिह्न पर अपना दावा पेश कर चुके हैं। इस मामले में चुनाव आयोग और न्यायिक प्रक्रिया के फैसलों पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।