Home Maharashtra ठाणे : फर्जी फेसबुक अकाउंट से नाबालिगों को फंसाने वाले को पांच...

ठाणे : फर्जी फेसबुक अकाउंट से नाबालिगों को फंसाने वाले को पांच साल की सजा…

12
0

ठाणे : फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर नाबालिग लड़कियों को अश्लील मैसेज, फोटो और वीडियो भेजने वाले मंगेश ईश्वरदास तांबे (28) को ठाणे जिला एवं सत्र न्यायालय ने पांच साल की सख्त सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर कुल 60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह रकम पीड़ितों को मुआवजे के रूप में देने का आदेश दिया गया है।
आरोपी ने 2017-18 के दौरान फेसबुक पर ‘विद्या’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाया था। उसने एक युवती को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। चैटिंग के दौरान उसने अश्लील फोटो भेजने शुरू कर दिए। वीडियो कॉल में उसकी असली पहचान सामने आने के बाद युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज आरोपी ने युवती के नाम से ही फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया।
इसके जरिए उसने उसकी चचेरी बहन और नाबालिग सहेलियों को अश्लील मैसेज, फोटो और वीडियो भेजे। उसने लड़कियों को धमकाकर उनका यौन शोषण करने का प्रयास भी किया। परेशान होकर युवती ने सागरी उत्तन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विनयभंग, पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष ने नौ गवाह और डिजिटल सबूत पेश किए। इन्हें आधार मानते हुए अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया।
आईटी एक्ट की धारा 67 (ए) के तहत आरोपी को पांच साल की सख्त कैद और 50 हजार रुपये जुर्माना, जबकि धारा 354 (ए) के तहत तीन साल की सख्त कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। सरकारी पक्ष की ओर से सहायक सरकारी वकील भामरे-पाटील ने पैरवी की।