मुंबई, कोरोना काल में वैक्सीन लगी है या नहीं, यह सवाल पूछकर घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को लूटनेवाली महिला को वर्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के कलाई पर बने टैटू की मदद से पुलिस को केस को क्रैक करने में सफलता हासिल हुई। हैरानी की बात है कि आरोपी महिला भी बुजुर्ग महिला की ही सोसाइटी में रहती थी। आरोपी लुटेरी महिला जहां ‘सी’ विंग में रहती थी, वहीं बुजुर्ग महिला सोसायटी के ‘बी’ विंग में रहती है।
बता दें कि शिकायतकर्ता ७४ वर्षीय महिला अपने ९ वर्षीय पोते के साथ रहती है। आरोपी महिला ने बुजुर्ग महिला के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने पर उसने कहा कि वैक्सीन लगी है या नहीं, इसकी जांच करने के लिए वह आई है। बुजुर्ग महिला ने उसे घर के अंदर आने दिया। इसके बाद बातचीत के दौरान आरोपी महिला ने कहा कि बाहर कड़ी धूप होने के नाते उसे प्यास लगी है। यह कहकर उसने पीने के लिए पानी मांगा। जैसे ही बुजुर्ग महिला पानी लाने के लिए किचन में गई वैसे ही आरोपी महिला ने अपने पास रखा चाकू निकाला और बुजुर्ग महिला और उसके पोते को चाकू की नोक पर धमकाने लगी। आरोपी महिला ने बुजुर्ग महिला से कहा कि घर में जो भी गहने और नगदी हैं वो तुरंत वह उसके हवाले कर दे। डरी हुई बुजुर्ग महिला ने तुरंत घर में रखे हुए गहने और नगदी उसके हवाले कर दिया। करीब ३ लाख के गहने और ५० हजार रुपए नगद आरोपी महिला ने लूट लिया और मौके से फरार हो गई। सोसाइटी के गेट पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे यह नहीं पता चल पाया कि महिला किधर गई।
९ वर्षीय बच्चे ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला दस्ताना पहने हुई थी और उसके कलाई पर टैटू बना हुआ था। १० दिन बाद वर्ली पुलिस ने शिकायतकर्ता की सोसाइटी में ही पूछताछ शुरू की। कई महिलाओं से पूछताछ करने के बाद एक महिला की कलाई पर टैटू बना हुआ नजर आया। महिला ने पुलिस की पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया। आरोपी महिला ‘सी’ विंग में रहती थी, वहीं शिकायतकर्ता महिला ‘बी’ विंग में रहती थी। आरोपी महिला को पता था कि किस समय बच्चे की मां घर से बाहर काम के लिए जाती है और बच्चा और बुजुर्ग महिला अकेले रहते हैं इसलिए उसने उन्हें लूटने का प्लान बनाया था। मगर टैटू ने सारा खेल खराब कर दिया और लुटेरी महिला पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गई।





Users Today : 8
Users Yesterday : 57
Users Last 7 days : 394
Users Last 30 days : 871
Users This Month : 355
Users This Year : 9305
Total Users : 70512
Views Today : 8
Views Yesterday : 81
Views Last 7 days : 547
Views Last 30 days : 1133
Views This Month : 492
Views This Year : 10529
Total views : 106552
Who's Online : 0


