Home Crime दो घंटे में पुलिस ने मर्डर की गुत्थी सुलझाई

दो घंटे में पुलिस ने मर्डर की गुत्थी सुलझाई

282
0

मुंबई, बहन और जीजा के बीच के झगड़े में हस्तक्षेप करना एक २७ वर्षीय युवक के लिए जान लेवा सिद्ध हुआ। जीजा ने उसे शराब पिलाकर पहले नशे में धुत कर दिया फिर मौत के घाट उतारकर फरार हो गया। इस कत्ल की गुत्थी एमएचबी पुलिस ने महज दो घंटे में सुलझा ली।
खबर के अनुसार २५ जुलाई को एमएचबी कॉलोनी पुलिस को बोरीवली-पश्चिम स्थित एक्सर नायतोडी मैदान के पास खड़ी ऑटोरिक्शा में एक अज्ञात युवक लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला था। उसके पास बीयर की बोतल टूटी पड़ी थी तथा सिर के अलावा शेष शरीर पर ७ वार किए गए थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की तो दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पता लगा लिया कि मृतक का नाम संदीप रमेश राजपूत है।
जीजा ने लिया पिटाई का बदला
एमएचबी कॉलोनी पुलिस थाने के पीएसआई विजय धोत्रे और उनकी टीम को पता चला कि संदीप की बहन और जीजा के बीच कुछ विवाद चल रहा था। उसी विवाद में कुछ दिन पहले संदीप अपने जीजा को समझाने का प्रयास कर रहा था। लेकिन जीजा हाथापाई पर उतारू हो गया। नतीजतन संदीप ने अपने जीजा को पीट दिया था, जिसकी खुन्नस में जीजा ने सुलह के बहाने संदीप को शराब पीने के लिए बुलाया। वहां शराब पिलाने के बाद उसने बीयर की बोतल से संदीप के सिर पर वार कर दिया। नशे में धुत संदीप जब तक कुछ समझ या संभल पाता, उसके जीजा ने टूटी बोतल से उस पर कई वार कर दिए। बाद में वह संदीप को लहूलुहान अवस्था में छोड़कर वहां से फरार हो गया। जीजा, मुंबई से बाहर भागने की तैयारी कर रहा था लेकिन पीएसआई विजय धोत्रे और उनकी टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर उसे भायंदर से गिरफ्तार कर लिया।