गैंगस्टर की सनक का शिकार हरियाणा के रोहतक के रहनेवाले २१ वर्षीय रोहित और उसके तीन दोस्त बन गए। उक्त गैंगस्टर ने अपने दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए रोहित और उसके दोस्तों को मौत के घाट उतारा था।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस को २७ जुलाई, २०२१ को क्षेत्र के नाले में एक युवक का शव मिला था। पुलिसिया जांच में उक्त मृतक की शिनाख्त रोहतक के भालौठ गांव निवासी २१ वर्षीय रोहित के रूप में हुई थी। रोहित २४ जुलाई, २०२१ को लापता हो गया था। रोहित के पिता राजभवन ने नॉलेज पार्क पुलिस थाने में २४ जुलाई को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी। राजभवन ने पुलिस को बताया था कि रोहित २४ जुलाई की सुबह १० बजे पास के आसन गांव निवासी दोस्त सौरभ से मिलने के लिए निकला था। रोहित की मां ने दोपहर तीन बजे फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। परिजनों ने रोहित की तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। अगले दिन सौरभ ने बताया कि उसने दोपहर १२ बजे के करीब रोहित को रोहतक के सांपला कस्बे से दिल्ली जानेवाली बस में बैठाया था। रोहित ने सौरभ को दिल्ली के पीरागढ़ी जाने की बात बताई थी। तीन दिन बाद रोहित का शव ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित नाले में मिलने की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी।
रोहित की मौत को पुलिस ने पहले हादसा समझा था। लेकिन करीब ढाई महीने बाद आई फॉरेंसिक रिपोर्ट ने इस केस की दिशा ही बदल दी। फॉरेंसिक रिपोर्ट में पता चला कि मौत से पहले रोहित को बुरी तरह पीटा गया था। उसे कड़ी यातनाएं दी गई थीं। शायद उसे पानी में डुबोकर मारा गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो कई और सनसनीखेज जानकारियां सामने आईं।
पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो हरियाणा-दिल्ली के सीमाई क्षेत्रों में सक्रिय गदर गैंग का कनेक्शन सामने आया। गदर गैंग के मुखिया नवीन मलिक ने अपने ६ साथियों की मदद से रोहित को अगवा कर लिया था। नवीन और उसके साथी रोहित को दिल्ली के थाना समयपुर बादली क्षेत्र के सेक्टर-३४ स्थित डीडीए फ्लैट में ले गए, वहां बुरी तरह पीटने के बाद टब के पानी में डुबोकर रोहित की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उन्होंने रोहित के शव को नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित नाले में फेंक दिया था, ताकि हत्या हादसा प्रतीत हो।
बताया जाता है कि रोहित और उसके तीन दोस्तों पर नवीन के दोस्त प्रवीण की हत्या का आरोप था। प्रवीण, नवीन का दोस्त था। इसलिए नवीन ने प्रवीण की हत्या का बदला लेने के लिए रोहित को मौत के घाट उतारा था। रोहित से पहले उसने उसके तीन दोस्तों रवि, सोनू और अक्षय को मुजफ्फरनगर में पानी में डुबोकर मार दिया था और उसका शव खतौली नहर में फेंक दिया था। यह खुलासा तब हुआ जब पुलिस और एसटीएफ ने बीते शुक्रवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोनीपत के भैसवाल गांव निवासी नवीन मलिक को शारदा गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से एक पिस्टल बरामद हुई है।
नवीन के बारे में पता चला है कि वह अपने दुश्मनों को पानी में डुबोकर मारता था और बाद में लाश को नाले में फेंक देता था। नवीन ने वर्ष २०१५ में ‘गदर’ नाम से गैंग बनाया था। उसके गिरोह में हरियाणा और यूपी के २०० से अधिक बदमाश हैं। नवीन पर २० से अधिक लोगों की हत्या का आरोप है। दावा किया जाता है कि उसने वर्ष २००७ में पहली हत्या की थी। वर्ष २०१५ में अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के राज सिंह की हत्या की थी। वर्ष २०१९ में मुजफ्फरनगर में तिहरे हत्याकांड का आरोप उस पर है। वर्ष २०२० में एलएनटी रिफाइनरी पानीपत हरियाणा के तीन अधिकारियों का अपहरण कर रंगदारी वसूली, वर्ष २०२० में ही गांव भैसवाल में पवन की गोली मारकर हत्या का आरोप है। वर्ष २०२० में अजय निवासी कटवाल को उसके ही गांव कटवाल में पीटकर मार डाला था। वर्ष २०२० में ही कटवाल गांव में शराब की ठेकेदारी को लेकर झगड़ा होने पर ठेके पर आगजनी व फायरिंग करवाने के साथ ही, वर्ष २०२० में ही उसने सुंदर पहलवान को जन्मदिन पार्टी में शराब में जहर देकर मार डाला। जबकि वर्ष २०२० में अपने ही गांव के राजू को शराब में जहर देकर मारा, बाद में राजू के भाई रणवीर की भी हत्या कर दी थी। वर्ष २०२० में ही धूम सिंह कटवाल को दोस्त के मां-बाप की हत्या का बदला लेने के लिए नहर में डुबोकर मारा। वर्ष २०२० में ही साथियों के साथ मिलकर दादरी में संदीप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान एक लड़की की भी हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक अभी तक नवीन मलिक पर दर्ज ९ केस की जानकारी मिली है। फिलहाल रोहित की हत्या के मामले में नवीन का साथ देने वाले छह अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।




Users Today : 57
Users Yesterday : 57
Users Last 7 days : 443
Users Last 30 days : 920
Users This Month : 404
Users This Year : 9354
Total Users : 70561
Views Today : 68
Views Yesterday : 81
Views Last 7 days : 607
Views Last 30 days : 1193
Views This Month : 552
Views This Year : 10589
Total views : 106612
Who's Online : 0


