Home Crime सोयाबीन से भरा ट्रक लेकर महाराष्ट्र से भागे 2 बदमाश राजगढ़ में...

सोयाबीन से भरा ट्रक लेकर महाराष्ट्र से भागे 2 बदमाश राजगढ़ में गिरफ्तार

54
0

वासिम, जिले के मानोरा कस्बे से 8 दिसंबर को ट्रक में 280 बोरे सोयाबीन (कीमती 20 लाख रुपए) भरकर महाराष्ट्र के ही जयसिंगपुर (सांगली) के लिए रवाना हुआ ट्रक रास्ते से गायब हो गया। सोयाबीन से भरा ये ट्रक खिलचीपुर के बामनगांव-खिलचीपुर रास्ते से खिलचीपुर पुलिस ने शुक्रवार शाम जब्त किया है।
ट्रक के साथ पकड़े गए आरोपी ईश्वरसिंह सोंधिया (24) निवासी मन्निपुरा व नारायणसिंह सोंधिया (35) निवासी मन्निपुरा खिलचीपुर के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपी सोयाबीन को संभवत: खिलचीपुर या जीरापुर में बेचने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही ये पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मामले में मानोरा पुलिस का 4 सदस्यीय दल रविवार यानी आज खिलचीपुर थाने आकर आराेपियों से पूछताछ करेगा। पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ महाराष्ट्र ले जा सकती है।
खिलचीपुर पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार दोनांे आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई। वे वैध दस्तावेज बिल्टी आदि नहीं दिखा सके। प्रेस नोट के अनुसार ये माल चोरी का होने से जब्त कर लिया गया। थाना प्रभारी प्रदीप गोलिया के अनुसार महाराष्ट्र से माल चुराया गया, महाराष्ट्र पुलिस कल राजगढ़ आएगी। इसके बाद ही ज्यादा जानकारी दें पाएंगे।
महाराष्ट्र के वासिम जिले के मानोरा थाने के निरीक्षक सुनील दीवणराव जाधव ने बताया कि 8 दिसंबर को मानोरा से व्यापारी गोपाल हेड़ा का सोयाबीन भरकर जयसिंगपुर (सांगली महाराष्ट्र) के एक ऑयल मिल के लिए रवाना हुए थे। दोनों आरोपियों ने ड्राइवर तुरुक मानी से मारपीट कर ट्रक से उतार दिया और ट्रक लेकर फरार हुए थे। ये अमानत में खयानत का मामला है।