Home Business अन्ना हजारे ने केंद्रीय गृहमंत्री से की शक्कर कारखाना घोटाले की जांच...

अन्ना हजारे ने केंद्रीय गृहमंत्री से की शक्कर कारखाना घोटाले की जांच की मांग

106
0

मुंबई : सुप्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर महाराष्ट्र के शक्कर कारखानों की खरीद-फरोख्त में हुए भ्रष्टाचार की जांच की मांग की है। अन्ना हजारे ने अपने पत्र में इस घोटाले में सभी दल के नेताओं के शामिल होने का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि इसकी जांच अगर उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त जज से कराई गई तो देश के सामने एक अलग मिसाल पेश होगी।
अन्ना हजारे ने सोमवार को अहमदनगर जिले में स्थित रालेगणसिद्धि में पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र में शक्कर कारखानों को घाटे में बताकर इन्हें पहले दिवालिया घोषित किया गया और बाद में इन कारखानों को सस्ती दर पर नेताओं ने ही खरीद लिया है। इस प्रक्रिया में 25 हजार करोड़ से अधिक रुपये का घोटाला हुआ है। इस भ्रष्टाचार में राज्य के सभी दलों के नेता शामिल हैं। इसी वजह से मामले की अब तक सही तरीके से जांच नहीं की गई है। अन्ना हजारे ने इस घोटाले की हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज की देखरेख में जांच करवाने की मांग अपने पत्र में की है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के 118 शक्कर कारखानों में 116 कारखानों को घाटे में बताया गया और इनमें से 78 शक्कर कारखानों की खरीदी- फरोख्त हुई है। इस मामले में हुए भ्रष्टाचार की जांच की मांग अन्ना हजारे पिछले 10 साल से कर रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है।