Home Country महाराष्ट्र को बदनाम करने की बजाए बीजेपी पीएम मोदी को बदनाम करे...

महाराष्ट्र को बदनाम करने की बजाए बीजेपी पीएम मोदी को बदनाम करे – नाना पटोले

32
0

मुंबई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में हुई बढ़ोत्तरी के मुद्दे पर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले पीएम नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के बीजेपी नेताओं पर काफी आक्रामक हो गए हैं. महाराष्ट्र के बीजेपी नेता कहा करते थे कि टैक्स कम कर पेट्रोल-डीजल के भाव राज्य सरकार भी कम कर सकती है, लेकिन वो करती नहीं है. इसका जवाब देते हुए नाना पटोले ने कहा, ‘ बीजेपी झूठ बोल कर सत्ता में आने वाली पार्टी है. बीजेपी को जनता से कुछ लेना-देना नहीं है. बीजेपी नेता जो महाराष्ट्र सरकार को बदनाम किया करते थे, उन्हें चाहिए कि अब वे राज्य सरकार की बजाए पीएम नरेंद्र मोदी को बदनाम करें.’
बढ़ती महंगाई और ईंधन की दरों में बढ़ोत्तरी के मुद्दे पर पत्रकारों से बात करते हुए नाना पटोले ने कहा, ‘पांच राज्यों के चुनावों के बाद और संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण के दौरान मंगलवार को पेट्रोल- डीजल और घरेलू गैस के दाम बढ़ाए गए हैं. जनता पहले से ही महंगाई से त्रस्त थी, अब उन्हें और पस्त करने का इंतजाम किया गया है.’
नाना पटोले ने आगे कहा, ‘ आज से ईंधन की बढ़ी हुई दर लागू हो गई है. यह कीमत राज्य सरकार ने नहीं बढ़ाई है. केंद्र सरकार ने बिलकुल पांच राज्यों के चुनावों के बाद ईंधन की दर बढ़ाने का फैसला किया. बीजेपी एक झूठ बोलने वाली पार्टी है. लोगों के मुंह से निवाला छीन लेने वाली पार्टी है. लगातार झूठ बोलना और लोगों को झूठे सपने दिखा कर सत्ता हथियाना ही बीजेपी का गोरखधंधा है. अब ईंधन की दर बढ़ाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार पर डालने की बजाए इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराएं.’