Home Country उपचुनावों में एक भी सीट जीतने में नाकाम बीजेपी

उपचुनावों में एक भी सीट जीतने में नाकाम बीजेपी

34
0

नई दिल्ली: देश के 4 राज्यों में हुए उपचुनावों के शनिवार को आए नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को जोरदार झटका लगा है। ये उपचुनाव पश्चिम बंगाल की एक लोकसभा सीट एवं महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ एवं बिहार की एक-एक विधानसभा सीटों पर हुए थे। बीजेपी इन उपचुनावों में एक भी सीट जीतने में नाकाम रही, और सारी सीटें उसकी विरोधी पार्टियों के पाले में गई। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में हुए उपचुनावों में जहां कांग्रेस ने बाजी मारी, वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों ने परचम लहराया।
पश्चिम बंगाल में एक लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव थे। आसनसोल लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी की अग्निमित्रा पॉल को मात दी। वहीं, बालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में तृणमूल उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो ने सीपीएम उम्मीदवार सायरा शाह हलीम को 20 हजार से भी ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया। इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार केया घोष की जमानत जब्त हो गई। बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा और बाबुल सुप्रियो कभी बीजेपी में ही हुआ करते थे, और दोनों को पार्टी ने केंद्र में मंत्री भी बनाया था।
पश्चिम बंगाल उपचुनावों में बीजेपी की हार का सबसे बड़ा कारण ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल का उससे कहीं ज्यादा आक्रामक होना रहा। दूसरी बात कि वोट डालते वक्त वहां के मतदाताओं के मन में यह बात जरूर रही होगी कि फिलहाल सत्ता पक्ष के साथ रहने में ही भलाई है, क्योंकि अगले विधानसभा चुनाव अभी 4 साल बाद होने हैं। बीजेपी के लिए सबसे बड़ा झटका यह रहा कि जिस आसनसोल सीट पर लोकसभा चुनावों में उसके उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो ने जीत दर्ज की थी, उस पर इस बार उसके उम्मीदवार को सिर्फ 30 फीसदी वोट मिले।
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार अमर पासवान ने बीजेपी की बेबी कुमारी को मात देकर बोचहां विधानसभा सीट जीत ली है। यह सीट अमर के पिता मुसाफिर पासवान के निधन के बाद ही खाली हुई थी। मुसाफिर पासवान ने विकासशील इंसान पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन उनके निधन के बाद अमर ने वीआईपी का दामन छोड़कर तेजस्वी का हाथ पकड़ लिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी और वीआईपी में टूट के साथ-साथ सहानुभूति लहर भी उनकी शानदार जीत का एक बड़ा कारण रही।