मुंबई: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की नव नियुक्त मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मिठाई खिलाते, गुलदस्ता भेंट करती तस्वीरों पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को तंज कसा. उन्होंने कहा कि राज्यपाल के जनप्रतिनिधियों से व्यवहार में ‘गुणात्मक बदलाव’ देखने को मिल रहा है. मैं कई शपथग्रहण समारोहों का हिस्सा रहा हूं, लेकिन कभी किसी गवर्नर ने मुझे मिठाई नहीं खिलाई और न ही मुझे बुके दिया. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार पुणे में पत्रकारों से बात कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की.
राकांपा प्रमुख ने कहा, ‘मैंने एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह को टेलीविजन पर देखा. वह (राज्यपाल) उन्हें पेड़ा खिला रहे थे और गुलदस्ता भेंट कर रहे थे. ऐसा लगता है कि उनमें कुछ गुणात्मक बदलाव आया है.’ वर्ष 2019 में महा विकास अघाडी के नेताओं के शपथ ग्रहण समारोह को याद करते हुए शरद पवार ने कहा, ‘मैं वहां मौजूद था. तब राज्यपाल कोश्यारी ने कुछ भावी मंत्रियों द्वारा कुछ हस्तियों का नाम लेकर शपथ लेने पर आपत्ति जताई थी. यहां तक उन्होंने उस समय मुझे देखकर केवल प्रारूप के तहत ही शपथ लेने को कहा था.’
शरद पवार ने कहा कि यद्यपि एकनाथ शिंदे ने अपने शपथ ग्रहण के दौरान दिवंगत बालासाहेब ठाकरे और दिवंगत आनंद दिघे का उल्लेख किया. लेकिन कोश्यारी ने उस समय कोई आपत्ति नहीं दर्ज कराई. महाराष्ट्र के इस वरिष्ठ नेता ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और उनके कार्यालय के राज्य सरकार से संबंध पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी. राकांपा प्रमुख ने कहा, ‘मंत्रिमंडल का फैसला हमेशा राज्यपाल के लिए बाध्यकारी होता है. एमवीए सरकार ने राज्यपाल कोटे से विधान परिषद में नामित करने के लिए 12 लोगों की सूची दी थी, जिसे कभी मंजूरी नहीं दी गई. यह कहा गया कि राज्य में बनी नयी सरकार के साथ वह जल्द फैसला लेंगे.’
एनसीपी चीफ ने कहा, ‘यह स्पष्ट रूप से पदभार ग्रहण करने के दौरान उनके द्वारा लिए गए फैसले के विपरीत था. राज्यपाल को विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों के साथ व्यवहार करने में तटस्थ होना चाहिए.’ आपको बता दें कि गत 30 जून को शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. दोनों के शपथ ग्रहण करने के बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया, साथ ही गुलदस्ता भेंट कर नई सरकार के प्रमुख एंव उपप्रमुख को शुभकामनाएं दीं.





Users Today : 0
Users Yesterday : 18
Users Last 7 days : 343
Users Last 30 days : 832
Users This Month : 290
Users This Year : 9240
Total Users : 70447
Views Today :
Views Yesterday : 29
Views Last 7 days : 476
Views Last 30 days : 1080
Views This Month : 403
Views This Year : 10440
Total views : 106463
Who's Online : 0


