Home Crime बिलकिस बानो प्रकरण : राकांपा ने किया आंदोलन

बिलकिस बानो प्रकरण : राकांपा ने किया आंदोलन

24
0

मुंबई, गुजरात के बहुचर्चित गोधरा कांड की दुष्कर्म पीड़िता बिलकिस बानो प्रकरण के अभियुक्तों को रिहा करने के मामले को लेकर देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा प्रणीत केंद्र और गुजरात सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान भाजपा हटाओ, देश बचाओ के जमकर नारे लगाए गए।
राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष विद्या चव्हाण के नेतृत्व में मुंबई के नए राष्ट्रवादी भवन के बाहर आंदोलन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। इस अवसर पर केंद्र सरकार और गुजरात सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।‌ मैं भी देश की बेटी हूं, मुझे इंसाफ चाहिए… हमें माफ करो बिलकिस बानो… मोदी के गुंडाराज में औरतों पर जुल्म-जबरदस्ती नहीं चलेगी… नहीं चलेगी… महिलाओं को दें सम्मान तो होगा देश महान… वाह मोदी तेरा खेल दोषी बाहर निर्दाेष को जेल… बलात्कारियों के लिए अमृतकाल… भाजपा हटाओ, बेटी बचाओ… बात नारी सम्मान की… कृती गुनाहगारों को छोड़ने की… जैसे नारों से परिसर गूंज उठा।
विद्या चव्हाण ने कहा कि बिलकिस बानो दुष्कर्म मामले के सजायाफ्ता अपराधियों को आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए १५ अगस्त २०२२ को सजा में छूट देते हुए जेल से रिहा कर दिया गया।‌ यह आजादी पर कालिख पोतना जैसा है। स्वतंत्रता को कलंकित करनेवाला यह निर्णय न केवल बिलकिस बानो के लिए बल्कि पूरे हिंदुस्थान की महिलाओं के लिए एक आघात है। इस मामले को लेकर पूरे देश में राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जा रहा है।