मुंबई: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13 संसदीय सीट पर शाम पांच बजे तक करीब 48.66 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई क्षेत्र और उत्तरी महाराष्ट्र के इन 13 निर्वाचन क्षेत्रों में से सबसे अधिक 57.06 प्रतिशत मतदान नासिक जिले के डिंडोरी में हुआ, जबकि सबसे कम 41.70 प्रतिशत मतदान ठाणे जिले के कल्याण में दर्ज किया गया। इसके अलावा पालघर में 54.32 प्रतिशत, नासिक में 51.16 प्रतिशत, भिवंडी में 48.89 प्रतिशत हुआ। धुले में 48.81 प्रतिशत, मुंबई उत्तर में 46.91 प्रतिशत, मुंबई उत्तर मध्य में 47.32 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि मुंबई उत्तर पूर्व में 48.67 प्रतिशत, मुंबई उत्तर पश्चिम 49.79 प्रतिशत, मुंबई दक्षिण 44.22 प्रतिशत, मुंबई दक्षिण मध्य 48.26 प्रतिशत और ठाणे 45.38 प्रतिशत मतदान हुआ।
शिंदे ने सभी सीटे जीतने का किया दावा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने परिवार के साथ ठाणे के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र शिवसेना-भाजपा का गढ़ है और सत्तारूढ़ गठबंधन यहां सभी 10 सीट जीतेगा। इन 10 सीट में मुंबई की छह, ठाणे की तीन और पालघर की एक सीट शामिल है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने निर्वाचन आयोग से मुंबई में मतदान की धीमी गति की शिकायतों पर गौर करने का अनुरोध किया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि कुल मतदान की गति बहुत धीमी होने की कई शिकायतें मिली हैं।
उद्धव ठाकरे ने कहां डाला वोट
शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे ने मुंबई के बांद्रा इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और उनकी पत्नी शर्मिला ठाकरे ने मुंबई के दादर इलाके में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। वहीं शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने दक्षिण मुंबई के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। मुंबई के कई हिस्सों में मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ नजर आई।
इन हस्तियों ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, उद्योगपति रतन टाटा और अनिल अंबानी एवं अभिनेता अक्षय कुमार, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अजिंक्य रहाणे और सूर्यकुमार यादव सहित कई हस्तियों ने मतदान किया। इनके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाइक, अभिनेत्री जान्हवी कपूर, अभिनेता एवं फिल्म निर्माता फरहान अख्तर और मराठी रंगमंच के अभिनेता प्रशांत दामले ने भी शुरुआती घंटों में मतदान किया। मशहूर अभिनेता अनुपम खेर, अनिल कपूर, अशोक सराफ, शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने भी मुंबई में मतदान किया।
शिवसेना यूटीबी ने बोला हमला
कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से पहले ही मतदाताओं की कतारें लग गई थीं। वहां मतदाताओं ने कहा कि वे दिन में गर्मी से बचना चाहते हैं वहीं कुछ लोग काम पर जाने से पहले मतदान करना चाहते थे। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि ठाणे शहर में कुछ मतदान केंद्रों पर ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) में खराबी की सूचना मिली थी हालांकि उन्हें तुरंत ठीक कर दिया गया। शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि मतदान केंद्रों के बाहर सुविधाओं को लेकर काफी शिकायतें मिली हैं।
डमी ईवीएम पर विवाद बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और सुनील राउत मुंबई के भांडुप में अपने मतदान केंद्र के बाहर ‘भ्रष्ट आचरण’ में शामिल पाए गए। पूर्व सांसद ने यह भी दावा किया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के दो कार्यकर्ताओं को ‘डमी’ ईवीएम का उपयोग करने के अवैध एवं भ्रष्ट आचारण को लेकर गिरफ्तार किया गया। राज्यसभा सदस्य संजय राउत के भाई एवं विधायक सुनील राउत ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदाताओं को जानकारी देने के उद्देश्य से मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे के बाहर एक डमी ईवीएम रखी गई थी। उन्होंने दावा किया कि फिर भी पुलिस ने राजनीतिक दबाव में इसे हटा दिया।





Users Today : 0
Users Yesterday : 18
Users Last 7 days : 343
Users Last 30 days : 832
Users This Month : 290
Users This Year : 9240
Total Users : 70447
Views Today :
Views Yesterday : 29
Views Last 7 days : 476
Views Last 30 days : 1080
Views This Month : 403
Views This Year : 10440
Total views : 106463
Who's Online : 0


