Home Crime कोल्ड प्ले कॉन्सर्ट : स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्र में गंदगी...

कोल्ड प्ले कॉन्सर्ट : स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैल गई

11
0

नवी मुंबई: नेरुल स्थित डॉ. डी.वाई पाटिल स्टेडियम में शनिवार से ‘कोल्ड प्ले कॉन्सर्ट’ नामक अंतरराष्ट्रीय स्तर के संगीत के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कॉन्सर्ट को देखने के लिए देश और दुनिया भर से लगभग 75 हजार संगीत प्रेमी मौजूद रहें। उन्होंने उक्त स्टेडियम और आसपास के फुटपाथों और सड़कों पर प्लास्टिक की पानी की खाली बोतल, थैलियां, कोल्ड ड्रिंक्स के कैन, फूल और अन्य सामग्री को बड़े पैमाने पर फेंका। इसके कारण स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैल गई थी। इस गंदगी को साफ करने के लिए नवी मुंबई मनपा द्वारा रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्टेडियम के आसपास फैली गंदगी को साफ करने में मनपा के सफाई कर्मियों को पसीने छूट गए। इस कार्यक्रम की वजह से सायन-पनवेल मार्ग पर ट्रैफिक जाम हुआ, जिसकी वजह से वाहन चालकों और यात्रियों को बहुत परेशानी उठानी पड़ी।
जीरो वेस्ट इवेंट
18, 19 और 21 जनवरी को आयोजित हो रहे इस कॉन्सर्ट की जानकारी मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे को थी। इसलिए उन्होंने शहर की स्वच्छता में दाग न लगे इस सोच के साथ इस कार्यक्रम को ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ के रूप में मनाने के लिए योजना बनाई थी।
कार्यक्रम के पहले ही दिन बड़े पैमाने पर कचरे को देखते हुए मनपा के संबंधित विभाग द्वारा मनपा आयुक्त डॉ. शिंदे के मार्गदर्शन में उक्त योजना पर अमल किया गया और 100 से अधिक सफाई कर्मचारियों के सहयोग से पूरे क्षेत्र की सफाई कर के बड़े पैमाने पर कचरा एकत्रित किया गया। नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा स्वच्छता के प्रति समर्पित इस पहल को न केवल नागरिकों ने देखा है, बल्कि स्वच्छता के प्रति नवी मुंबई की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर भी देखा जा रहा है।
मुख्य मार्गों पर भी नजर आया कचरा
कॉन्सर्ट में आने वाले नागरिकों द्वारा फेंके गए कचरे को मनपा कर्मियों द्वारा एकत्रित कर के एक स्थान पर रखा गया था, जहां पर 150 से अधिक परिसर सखी के सहयोग से उक्त कचरे को छांटने का काम कराया गया। यह कार्य मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार के नेतृत्व में मनपा के परिमंडल-1 के उपायुक्त डॉ. अजय गडदे द्वारा मनपा के नेरुल, बेलापुर, वाशी और तुर्भे विभाग के सहायक आयुक्तों एवं विभागीय अधिकारियों के सहयोग कराया गया। उक्त कार्यक्रम में आए लोगों ने स्टेडियम के आसपास के साथ- साथ इस क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर भी बड़े पैमाने पर प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरे को फेंका था। जिसके साफ करने के लिए मनपा द्वारा तत्काल डीप क्लीनिंग अभियान चलाया गया।