Home Crime मुंबई की पुलिस ने एकनाथ शिंदे गुट के 35 से 40 लोगों...

मुंबई की पुलिस ने एकनाथ शिंदे गुट के 35 से 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

11
0

मुंबई : कॉमेडियन कुणाल कामरा के स्टूडियो में तोड़फोड़ मामले में महाराष्ट्र की पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है. मुंबई की पुलिस ने एकनाथ शिंदे गुट के 35 से 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इसमें 19 नामजद आरोपी हैं. इसमें शिंदे कैंप का सोशल मीडिया का हेड राहुल कनाल का भी नाम है. मुंबई के खार इलाके में मशहूर कॉमेडियन कुणाल कामरा के स्टूडियो में तोड़फोड़ किया गया था. इस घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है.
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कुणाल कामरा ने अपने एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो में महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे पर तंज कसा था. शो के दौरान कुणाल ने एक गाने के जरिए शिंदे को “गद्दार” कहकर चुटकी ली. यह बात शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरी. यह शो होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में रिकॉर्ड किया गया था और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया. शिंदे गुट के समर्थकों ने इसे अपने नेता का अपमान माना और रविवार को खार इलाके में स्थित स्टूडियो पर हमला बोल दिया. उन्होंने वहां तोड़फोड़ की, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और कुणाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने इस घटना के बाद कुणाल कामरा के खिलाफ एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी. मुरजी ने कहा, “हमने अपने नेता एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए कुणाल के खिलाफ शिकायत दर्ज की है. हम चाहते हैं कि उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो.” इसके साथ ही, शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हस्के ने कुणाल को चेतावनी दी कि वे पूरे देश में शिवसैनिकों से बच नहीं पाएंगे.