Home Crime दो कारों से 15 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन जब्त; दो गिरफ्तार

दो कारों से 15 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन जब्त; दो गिरफ्तार

13
0

ठाणे : ठाणे जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नासिक-ठाणे राजमार्ग पर दो कारों से 15 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 31.8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। ठाणे शहर पुलिस की अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि भिवंडी बाईपास रोड पर रंजनोली के पास प्रतिबंधित दवाओं की एक बड़ी खेप आने वाली है। जिसके बाद 9 अगस्त को पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दो वाहनों को रोका और पूरे मामले का पर्दाफाश किया। इस मामले में भिवंडी के कोनगांव पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनवीर अहमद कमर अहमद अंसारी (23) निवासी मुंब्रा और महेश हिंदूराव देसाई (35) निवासी विट्ठलवाड़ी के रूप में हुई है। अंसारी की कार में 11.7 किलोग्राम मेफेड्रोन पाया गया, जबकि देसाई की बीएमडब्ल्यू कार में 4.161 किलोग्राम ड्रग्स पाया गया। बीएमडब्ल्यू के पीछे ठाणे नगर निगम का लोगो लगा था, जिसकी जाँच की जा रही है, जबकि अंसारी चोरी की कार चला रहा था। पुलिस के अनुसार, अंसारी भिवंडी में दर्ज कई आपराधिक मामलों में संलिप्त है, जबकि कोल्हापुर निवासी देसाई पर एनडीपीएस और मकोका के तहत कई मामले दर्ज हैं। शुरुआती जाँच में पता चला है कि ये ड्रग्स ठाणे और मुंबई में सप्लाई किए जाने थे। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क और ड्रग्स के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।