Home Crime फिर बदलेगा मौसम! 11 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

फिर बदलेगा मौसम! 11 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

7
0

मुंबई : उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में 11 राज्यों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश से तापमान में हल्की गिरावट जरूर आएगी, लेकिन ठंड की वापसी की संभावना नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली‑एनसीआर में आज मौसम सुहावना रहेगा। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर में करीब 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में फिलहाल आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में बदलाव के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 17 और 18 फरवरी को उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और मैनपुरी जिलों में इन दिनों बारिश हो सकती है। वहीं बिहार के सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, पूर्णिया, सहरसा और किशनगंज जिलों में कल घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ों में बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट
पर्वतीय राज्यों में मौसम ज्यादा बिगड़ने वाला है। उत्तराखंड में 16 और 17 फरवरी को भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है, खासकर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी और गढ़वाल जिलों में। वहीं हिमाचल प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 15 फरवरी के बाद बादल छाने लगेंगे और ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
पूरे देश में मौसम अचानक बदलता दिखाई दे रहा है। फरवरी के मध्य में ही उत्तर भारत में गर्मी जैसा एहसास हो रहा था, लेकिन 15 फरवरी के बाद स्थिति बदल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार महाशिवरात्रि के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बादल बढ़ेंगे।