Home State कामाठीपुरा क्लस्टर पुनर्विकास को मिली गति… दिवाली से शुरू होगा काम

कामाठीपुरा क्लस्टर पुनर्विकास को मिली गति… दिवाली से शुरू होगा काम

12
0

मुंबई : ऐतिहासिक कामाठीपुरा क्लस्टर पुनर्विकास परियोजना के कार्यान्वयन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। म्हाडा के मुंबई बिल्डिंग रिपेयर्स एंड रिकंस्ट्रक्शन बोर्ड ने भागीरथी हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड और माथी डेवलपर्स के साथ कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट एजेंसी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के बाद परियोजना योजना चरण से आगे बढ़ गई है और दिवाली के अवसर से प्रत्यक्ष निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। म्हाडा के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जायसवाल की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में मुख्य अधिकारी मिलिंद शंभर्कर और डेवलपर कंपनी के निदेशक अतुल गोयल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। करीब 34 एकड़ क्षेत्र में फैली इस परियोजना में लेन 1 से 15 तक का कामाठीपुरा क्षेत्र शामिल है। इसमें लगभग 475 सेस्ड और 259 नॉन-सेस्ड इमारतें हैं। परियोजना से करीब 8,001 आवासीय और व्यावसायिक किरायेदार/निवासी जुड़े हैं, जिनमें लगभग 6,625 आवासीय और 1,376 गैर-आवासीय किरायेदार शामिल हैं। करीब 800 भू-मालिक भी परियोजना का हिस्सा हैं।
परियोजना के तहत पात्र मौजूदा निवासियों और किरायेदारों का पुनर्वास किया जाएगा। पात्र आवासीय किरायेदारों को 500 वर्ग फुट के पुनर्वास फ्लैट देने की योजना है। व्यावसायिक कब्जाधारियों के पुनर्वास को भी परियोजना में शामिल किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से म्हाडा को करीब 44,000 वर्ग मीटर आवासीय स्टॉक उपलब्ध होने की उम्मीद है, जिसके तहत लगभग 900 अतिरिक्त आवास इकाइयां प्रस्तावित हैं। पुनर्विकास में आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाएं, खुले और हरित क्षेत्र, आंतरिक सड़कें, परिवहन सुविधाएं तथा आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। योजना में भूकंपरोधी निर्माण, पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, वर्षा जल संचयन, सीवेज एवं ठोस कचरा प्रबंधन, आधुनिक अग्नि सुरक्षा और लिफ्ट जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।