दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार टीएस संधू ने मंगलवार (22 सितंबर) को पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राजधानी में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की. पुलिस मुख्यालय में हुई इस बैठक में पुलिस कमिश्नर समेत एसीपी और उससे ऊपर के अधिकारी मौजूद रहे. बता दें कि एलजी का 24 जून के बाद पुलिस मुख्यालय का ये दूसरा दौरा था. उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि अब तक किए गए काम का जमीन पर कितना असर दिखाई दे रहा है और जनता को उसका कितना फायदा मिला है.
एलजी ने कहा कि दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना और पुलिस पर उनका भरोसा बढ़ाना होना चाहिए. उन्होंने पुलिस स्टेशनों को ऐसा बनाने पर जोर दिया, जहां आने वाले लोगों को सुना जाए और उनकी शिकायतों पर समय पर कार्रवाई हो.
इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एलजी ने खास निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. इसी के तहत दिल्ली पुलिस को ‘पिंक फोर्स’ तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है. इसमें प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मियों की विशेष पेट्रोलिंग यूनिट शामिल होगी.
ये टीम स्कूल, कॉलेज, मेट्रो स्टेशन और महिलाओं के लिए संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में तैनात की जाएगी. इसका मकसद पुलिस की ज्यादा से ज्यादा मौजूदगी दिखाना और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करना होगा. एलजी ने गोवा पुलिस की ‘पिंक फोर्स’ को मॉडल के तौर पर अपनाने की बात कही.
इसके साथ ही सार्वजनिक जगहों पर छेड़छाड़ और महिलाओं से बदसलूकी के खिलाफ ‘ऑपरेशन शिष्टाचार’ के तहत कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए. एलजी ने जन सुनवाई की शिकायतों के लिए डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम बनाने को कहा है. इसके तहत हर शिकायत मिलने के बाद उसकी जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाएगी और शिकायत पर तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जाएगी.
अगर शिकायत किसी दूसरे विभाग से जुड़ी है तो उसे तुरंत संबंधित विभाग को भेजा जाएगा. बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी एलजी ने पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए. स्कूलों में POCSO कानून, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
एलजी द्वारा हर जिले में इसके लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने और हर तीन महीने का कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया है. इसके अलावा 5 से 15 साल तक के बच्चों के लिए स्थानीय स्कूलों और आरडब्ल्यूए के सहयोग से खेल गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए है.
एलजी ने दिए नशे के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
एलजी ने नशे के कारोबार के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार कार्रवाई करने को कहा है. पुलिस स्टेशनों में साइबर अपराध की शिकायतों को संभालने की क्षमता बढ़ाने और डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया. ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़े जाम वाले स्थानों की पहचान कर उनकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए.. पीक ऑवर में ऐसे स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और सीसीटीवी तथा ट्रैफिक कंट्रोल रूम के जरिए रियल टाइम मॉनिटरिंग मजबूत करने को भी कहा गया है.
पुलिसकर्मियों की शिकायतों और प्रमोशन पर भी जोर
एलजी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को लेकर भी निर्देश दिए. पुलिस मुख्यालय में तय समय पर शिकायत सुनवाई करने और खासकर निचले रैंक के पुलिसकर्मियों तथा महिला पुलिसकर्मियों को समय पर प्रमोशन देने के भी निर्देश दिए. पुलिस कॉलोनियों को ‘मॉडल जीरो वेस्ट कॉलोनी’ के रूप में विकसित करने का भी निर्देश दिया गया.
क्या खाटू श्याम मंदिर में हुई थी सिया-चेतन की गुप्त शादी? पुणे पुलिस खंगाल रही राजस्थान कनेक्शन
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुणे पुलिस अब सिया गोयल और चेतन चौधरी के रिश्ते से जुड़े एक अहम पहलू की पड़ताल कर रही है. पुणे पुलिस को शक है कि दोनों ने दिसंबर 2025 में राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी की थी. हालांकि, अभी तक इस शादी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच के दौरान पुलिस को सिया गोयल और चेतन चौधरी के मोबाइल फोन की चैट मिली. बातचीत से पुलिस को दोनों के रिश्ते और शादी को लेकर कुछ अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है. इसके बाद पुलिस ने राजस्थान से जुड़े इस पहलू की भी जांच शुरू की.
मंदिर में शादी का रिकॉर्ड नहीं मिला
मामले की जांच के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस की विशेष टीम जुलाई में राजस्थान पहुंची थी. टीम ने खाटू श्याम मंदिर और आसपास के इलाकों में शादी से जुड़े रिकॉर्ड और दूसरे संभावित सबूतों की जानकारी जुटाने की कोशिश की. जांच में अभी तक पुलिस को ऐसा कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि सिया और चेतन ने खाटू श्याम मंदिर में शादी की थी. पुलिस को मंदिर से संबंधित कोई पंजीकरण रिकॉर्ड या ऐसी सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिली है, जो विवाह की पुष्टि कर सके. यानी फिलहाल मंदिर में शादी होने की बात सिर्फ जांच का एक एंगल है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
माला पहने दोनों की तस्वीर मिली
इसी बीच पुलिस को एक मोबाइल फोन से सिया गोयल और चेतन चौधरी की एक तस्वीर मिली है. तस्वीर में दोनों एक-दूसरे के गले में फूलों की माला पहने नजर आ रहे हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस तस्वीर को मामले की चार्जशीट में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्वीर कब और कहां ली गई थी और उस समय दोनों के बीच क्या संबंध था? जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि सिया और चेतन के बीच संबंध की सच्चाई क्या थी. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या केतन अग्रवाल से सिया की शादी से पहले सिया और चेतन ने विवाह किया था. फिलहाल पुलिस डिजिटल चैट, तस्वीर और राजस्थान से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों को जोड़कर पूरे मामले की कड़ियां तलाश रही है. खाटू श्याम मंदिर में सिया-चेतन की गुप्त शादी की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.





Users Today : 2
Users Yesterday : 14
Users Last 7 days : 118
Users Last 30 days : 715
Users This Month : 236
Users This Year : 11257
Total Users : 72464
Views Today : 2
Views Yesterday : 19
Views Last 7 days : 139
Views Last 30 days : 866
Views This Month : 299
Views This Year : 12932
Total views : 108955
Who's Online : 0


