Home Maharashtra मुंबई में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की रिकॉर्ड मांग, पीक ऑवर...

मुंबई में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की रिकॉर्ड मांग, पीक ऑवर में 4200 MW भी पड़ रहा है कम, जानिए क्यों?

7
0

मुंबई: अक्टूबर महीने में मुंबईकर गर्मी झेल रहे हैं। बीते 5 दिनों से बढ़ती गर्मी की वजह से मुंबई में बिजली की मांग भी बढ़ती जा रही है। हर दिन दोपहर में बिजली की डिमांड 4200 मेगावॉट के ऊपर दर्ज होती देखी जा रही है। मंगलवार दोपहर 03: 50 बजे मुंबई की पीक डिमांड 4350 मेगावॉट दर्ज की गई है। वहीं सोमवार को भी दोपहर के समय बिजली की डिमांड 4300 मेगावॉट रही। शनिवार और रविवार की भी स्थिति भी 4200 मेगावॉट के ऊपर देखी गई थी। वहीं शुक्रवार को तो यह आकड़ा 4,394 मेगावॉट तक पहुंच गया था। ऊर्जा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गर्मी और उमस के कारण लोग दिन-रात एसी, पंखे जैसे कूलिंग मशीन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे बिजली की मांग बढ़ गई है। माना जा रहा है कि अल नीनो इफेक्ट के कारण मौसम का मिजाज बदला है।
बाहर से लेनी पड़ी 2732 MW बिजली
मंगलवार को हाई डिमांड के दौरान मुंबई में अडाणी इलेक्ट्रिसिटी की ओर से 428 मेगावॉट और टाटा पावर की ओर से 1131 मेगॉवाट बिजली सप्लाई की गई। कुल 1559 मेगावॉट बिजली जेनेरेट करने के बाद भी शहर के बाहर से और पावर एक्सचेंज से 2732 MW बिजली ली गई है, जो अपने आप में ही एक रेकॉर्ड है। अगर महाराष्ट्र की बात करें, तो मंगलवार को राज्य की पीक डिमांड 33813 मेगावॉट दर्ज की गई। राज्य की बिजली मांग का आकड़ा भी बीते 5 दिनों से 32000 मेगावॉट के ऊपर ही है।
बिजली वितरण कंपनी और ग्राहक
अडानी -30 लाख
बेस्ट -10.5 लाख
टाटा – 8 लाख
कुल – 48.5
मई में थी 4558 मेगावॉट की डिमांड

इस साल गर्मियों में 26 मई को मुंबई में बिजली की अधिकतम मांग 4,558 मेगावॉट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। उस दिन टाटा पावर और अदाणी इलेक्ट्रिसिटी ने मिलकर 1,499 मेगावॉट बिजली उपलब्ध कराई थी, जबकि 3,059 मेगावॉट बिजली शहर के बाहर से और पावर एक्सचेंज के जरिए मंगाई गई थी
मुंबई में कहां से आती है बिजली
टाटा -1131 मेगावॉट
अडानी – 428 मेगावॉट
कुल – 1559