Home Country सांस लेना हुआ मुश्किल: समंदर किनारे बसी मुंबई की हवा दिल्ली से...

सांस लेना हुआ मुश्किल: समंदर किनारे बसी मुंबई की हवा दिल्ली से भी जहरीली क्यों?

11
0

मुंबई : समुद्र से आने वाली हवाओं के बावजूद मुंबई की हवा प्रदूषित होती जा रही है. कमजोर हवाएं, गर्मी और उमस, निर्माण स्थलों की धूल और कचरा जलाने से हालात बिगड़ रहे हैं. कुछ रैंकिंग में मुंबई ने प्रदूषण के मामले में दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया. बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्थिति को ‘इमरजेंसी’ बताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई है.
दशहरे के बाद से ही द‍िल्‍ली की हवा धीरे-धीरे प्रदूष‍ित होती जा रही है. हालांकि सरकार ने पहले से ही एहतियात के तौर पर कुछ कदम उठाए हैं. पर फिर भी द‍िवाली से पहले ही द‍िल्‍ली का दम घुटने लगा है. पर हवा की क्‍वाल‍िटी स‍िर्फ देश की राजधानी में ही खराब नहीं हो रही. देश की आर्थ‍िक राजधानी यानी मुंबई में भी हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है. कमजोर हवाओं, गर्म और उमस भरे मौसम, कंस्‍ट्रक्‍शन वर्क से उड़ने वाली धूल और कचरा जलाने के कारण शहर में प्रदूषण बढ़ रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रदूषण की कुछ रैंकिंग में मुंबई ने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है. इस स्थिति पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने चिंता जताते हुए इसे ‘इमरजेंसी’ यानी आपातकाल जैसी स्थिति बताया है. कोर्ट ने नगर निगम और दूसरी संबंधित एजेंसियों को प्रदूषण रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
मुंबई में प्रदूषण क्यों बढ़ रहा है?
मुंबई को समुद्र के किनारे बसा शहर माना जाता है. यहां समुद्र से आने वाली हवाएं भी चलती हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मुंबई की हवा इतनी जहरीली क्यों हो रही है? मुंबई में प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह हवा की रफ्तार कम होना है. जब हवा तेजी से चलती है, तो वह प्रदूषित कणों को एक जगह जमा नहीं होने देती. लेकिन हवा धीमी पड़ने पर प्रदूषण जमीन के करीब जमा होने लगता है. इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है.
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज में चेयर प्रोफेसर और वायुमंडलीय वैज्ञानिक गुफरान बेग ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इस साल मुंबई में अल नीनो जैसी जलवायु परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं. इसकी वजह से हवा की रफ्तार काफी कम हुई है. साथ ही, गर्मी और उमस भी बढ़ी है. ये सारी वजह मिलकर प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं. अल नीनो एक प्राकृतिक जलवायु घटना है. इसमें प्रशांत महासागर के भूमध्यरेखीय हिस्से के मध्य और पूर्वी क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से अधिक गर्म हो जाता है.
अक्टूबर में मुंबई में असामान्य गर्मी क्यों पड़ी?
मुंबई में प्रदूषण बढ़ने के दौरान तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. न्यूज18 की 16 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, उस महीने मुंबई में कम से कम एक दशक के दौरान दर्ज किए गए सबसे गर्म दिनों में से तीन दिन शामिल थे. कई दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. इस दौरान मानसून में सामान्य से कम बारिश होने और मौसमी बारिश के जल्दी खत्म होने को भी हवा की खराब गुणवत्ता से जोड़ा गया. गर्मी और तेज धूप का एक और असर होता है. इससे जमीन के करीब ओजोन गैस बनने की प्रक्रिया तेज हो सकती है. यह गैस तब बनती है, जब नाइट्रोजन ऑक्साइड और वाष्पशील कार्बनिक यौगिक (VOCs) सूरज की रोशनी के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करते हैं.
वायुमंडल की ऊपरी परत में मौजूद ओजोन हमें सूरज की हानिकारक अल्ट्रावायलेट किरणों से बचाती है. लेकिन जमीन के करीब बनने वाली ओजोन एक प्रदूषक है, जो सांस लेने में परेशानी और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है. न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में IQAir की रीडिंग 152 तक पहुंचने के पीछे जमीन के करीब मौजूद ओजोन प्रमुख प्रदूषकों में शामिल थी.
मुंबई में तेजी से हो रहे निर्माण और पुरानी इमारतों के रीडिवेलपमेंट से भी प्रदूषण बढ़ रहा है. खुदाई, इमारतों को तोड़ने, निर्माण सामग्री को लाने-ले जाने और मलबे की ढुलाई के दौरान धूल उड़ती है. निर्माण स्थलों पर चलने वाले वाहन भी प्रदूषण बढ़ाते हैं. इससे निपटने के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रित करने के कई नियम लागू किए हैं. इनमें रियल टाइम एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सेंसर लगाना, नियमों का पालन नहीं करने वाले बिल्डरों को नोटिस देना और प्रदूषण नियंत्रण के लिए 28 बिंदुओं वाली गाइडलाइन शामिल हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2025 में जारी BMC की ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान से जुड़ी मानक प्रक्रिया के तहत, जब शहर या किसी स्थानीय इलाके का AQI लगातार तीन दिन तक 200 से ऊपर रहता है, तो स्टेज-IV के उपाय लागू किए जाते हैं.