Home Crime दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा, रेलिंग से टकराकर उड़े कार के परखच्चे; 13...

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा, रेलिंग से टकराकर उड़े कार के परखच्चे; 13 साल के किशोर की मौत

11
0

मुंबई : भाईदूज के त्योहार पर बुधवार सुबह दिल्ली-मुंबई एटलेन एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। जावरा के बड़ायला चौराहे के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर के बाद रेलिंग का लोहे का हिस्सा कार को चीरते हुए अंदर घुस गया।
इसकी चपेट में आने से 13 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बेटी ने रतलाम मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गुजरात से उत्तर प्रदेश जा रहा था। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
हादसे में मृत बच्चों की पहचान 13 वर्षीय सागर वर्मा और छह वर्षीय विधि वर्मा के रूप में हुई है। उनके पिता राजबाबू वर्मा गुजरात के हारोल में एक फार्मा कंपनी में डिप्टी मैनेजर हैं। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला है।
बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे राजबाबू पत्नी 42 वर्षीय रिशु वर्मा और दोनों बच्चों के साथ गुजरात से अपने गांव उन्नाव के लिए निकले थे। कार क्रमांक (जीजे 17 सीके 2850) राजबाबू खुद चला रहे थे। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई गई है।
एयरबैग खुलने से पहले रेलिंग कार में घुसी

राजबाबू ने बताया कि कार में एयरबैग लगे थे, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि एयरबैग खुलने से पहले ही सड़क किनारे लगी रेलिंग का लोहे का हिस्सा कार के अंदर घुस गया। रेलिंग का एक हिस्सा आगे की सीट पर बैठे बेटे सागर के शरीर को चीरते हुए दूसरी तरफ निकल गया, जबकि दूसरा हिस्सा पीछे बैठी बेटी विधि के सिर में जा लगा। जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जावरा अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मां-बेटी को रतलाम मेडिकल कालेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान विधि की भी मौत हो गई।
आपातकालीन सुविधाओं में कमी पर नाराजगी

मां रिशु वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। पिता राजबाबू को अधिक चोट नहीं आई हैं। राजबाबू ने एक्सप्रेस-वे पर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इतने बड़े हाईवे के आसपास कोई अस्पताल या पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं थी। यदि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी। सागर का पोस्टमार्टम जावरा में कराया गया, जबकि विधि का पोस्टमार्टम रतलाम मेडिकल कालेज में हुआ। दोनों बच्चों के शव स्वजन उनके शव लेकर उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए।