Home Crime मुबई में 5 घंटे का जंबो ब्लॉक, लोकल ट्रेन की स्पीड पर...

मुबई में 5 घंटे का जंबो ब्लॉक, लोकल ट्रेन की स्पीड पर लगेगा ब्रेक; फास्ट ट्रेनें भी स्लो लाइन पर चलेंगी

9
0

मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी है और इस आर्थिक राजधानी की जीवन रेखा मुंबई लोकल है। आमची मुंबई के लोगों को इस रविवार यानी 7 सितंबर को और ज्यादा धीरज की जरूरत होगी। क्योंकि वेस्टर्न रेलवे ने घोषणा की है कि रविवार 7 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक सांताक्रूज और गोरेगांव स्टेशनों के बीच पांच घंटे का जंबो ब्लॉक रहेगा। यह जंबो ब्लॉक अप और डाउन दोनों लाइनों पर होगा। इस दौरान फास्ट लाइन पर चलने वाली सभी ट्रेनें स्लो लाइन पर डायवर्ट की जाएंगी। इससे ट्रेन में सफर करने वालों की यात्रा का समय बढ़ जाएगा। वहीं, कई लोकल ट्रेनें रद्द या शॉर्ट-टर्मिनेट भी की जाएंगी, जिससे दोपहर के समय भीड़ और असुविधा की स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि, रविवार होने के कारण उम्मीद की जा रही है कि ट्रेनों में लोकल यात्रियों की भीड़ कम होगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस ब्लॉक का उद्देश्य ट्रैक की मरम्मत, ओवरहेड उपकरण और सिग्नलिंग सिस्टम की मेनटेनेंस करना है। यह कार्य नेटवर्क की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए बेहद जरूरी हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अल्पकालिक असुविधा भविष्य में सुरक्षित और विश्वसनीय सेवा सुनिश्चित करने के लिए बहुत जरूरी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, ताकि अंतिम समय में उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े। रद्द और शॉर्ट-टर्मिनेट की गई ट्रेनों की सूची वेस्टर्न रेलवे नेटवर्क के सभी स्टेशनों के स्टेशन मास्टर कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। रविवार को मुंबईकरों की धैर्य की परीक्षा होगी, रेलवे का कहना है कि इस अस्थायी बाधा से आगे आने वाले दिनों में रेल नेटवर्क और अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बनेगा।