Home Country बर्निंग ट्रेन बनने से बची दिल्ली-मुंबई रूट की स्पेशल ट्रेन, धुआं उठते...

बर्निंग ट्रेन बनने से बची दिल्ली-मुंबई रूट की स्पेशल ट्रेन, धुआं उठते देख यात्रियों में मचा हड़कंप

1
0

रतलाम: दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर रतलाम मंडल के रूनखेड़ा स्टेशन के पास सोमवार को हापा नाहरलागुन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन हादसे का शिकार होने से बच गई. रूनखेड़ा स्टेशन के पास ट्रेन के कोच के व्हील में से चिंगारी और धुआं उठने लगा. ट्रेन में बैठे यात्रियों ने धुआं निकलते देखा तो हड़कंप मच गया. ट्रेन के गार्ड ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका. जिसके बाद कुछ देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति बन गई. ट्रेन रुकते ही प्रभावित कोच के यात्री सामान सहित नीचे उतर आए. यात्रियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से ट्रेन के व्हील में से निकल रहे धुएं और आग पर काबू पा लिया.
स्पेशल ट्रेन में अचानक उठने लगा धुआं

दरअसल, आज सुबह करीब 11:00 बजे की यह घटना है. जहां हापा से नाहरलगून जाने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के एस 8 कोच के व्हील ब्रेक में से अचानक धुआं निकलने लगा. यात्रा कर रही सुशीला परमार ने बताया कि “उनकी खिड़की के ठीक नीचे वाले व्हील में से धुआं निकलते हुए दिखाई दे रहा था. कुछ लोगों ने इसमें से चिंगारियां उठते हुए भी देखी. जिससे ट्रेन में यात्री घबरा कर इकट्ठा हो गए. इसी बीच गार्ड ने ट्रेन को रोक दिया.”
ट्रेन में सफर कर रहे निलेश चौहान ने कोच में लगे फायर एक्सटिंग्विशर से व्हील में से निकल रहे धुएं पर काबू पाया. इसके बाद रूनखेड़ा स्टेशन के समीप स्थानीय पुलिस और रतलाम रेल मंडल की तकनीकी टीम ने पहुंचकर समस्या को चेक किया. करीब आधे घंटे के बाद ट्रेन को रतलाम रेलवे स्टेशन पर लाया गया. जहां तकनीकी जांच के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है.
समस्या का समाधान कर ट्रेन को किया रवाना

रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि “हापा नाहरलगून साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के एक कोच के व्हील ब्रेक में धुआं निकलने की जानकारी मिली थी. रेलवे के टेक्निशियनों की टीम ने समस्या का समाधान कर ट्रेन को रतलाम स्टेशन से रवाना किया है.” बहरहाल, रतलाम रेल मंडल के रूनखेड़ा स्टेशन के समय पर यात्रियों ने व्हील में से निकल रहे धुएं और चिंगारियां को देख लिया, अन्यथा व्हील गर्म होने से कोच में आग लगने की संभावना थी और ट्रेन के कोच में आग लगने से भीषण अग्निकांड भी हो सकता था.