Home Country 51000 करोड़ रुपये के एमओयू करार

51000 करोड़ रुपये के एमओयू करार

79
0

मुंबई : शिवसेना नेता व राज्य के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने दावा किया है कि महाराष्ट्र सरकार ने निजी क्षेत्र की 20 से 30 कंपनियों के साथ करीब 51,000 करोड़ रुपये के निवेश करार पर समझौते किए हैं। इससे करीब एक लाख नए रोजगार पैदा होंगे।
शुक्रवार को नवी मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में उद्योग मंत्री देसाई ने कहा कि कोरोना काल से धीरे-धीरे हम लोग उबर रहे हैं, लेकिन सावधानी की आज भी जरूरत है। सरकार नए निवेश के लिए बड़े पैमाने पर काम रही है। नवी मुंबई में डेटा सेंटर शुरू हो रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग में भी काम जोर पकड़ रहा है। रायगढ़ में फार्मास्युटिकल कंपनियां शुरू हो गई हैं। संभाजीनगर में फूड प्रोसेसिंग का काम शुरू होने वाला है। पुणे में हिंजवाड़ी, चाकण और नवी मुंबई के पनवेल में भी कारखाने लगाने के लिए निवेशक आ रहे हैं।
देसाई ने आगे कहा कि व्यापार की दुनिया शुरू हो रही है। हालत में काफी सुधार हुए हैं। करीब 70 से 80 प्रतिशत उद्योगों में काम शुरू हो गया है। पुराने उद्योगों के साथ-साथ नए उद्योग शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार की चिंता घर-घर में है। अगर एमओयू को देखें, तो हर जगह उद्योग आ रहे हैं। हम इसके माध्यम से रोजगार बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। देसाई ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कर्तव्य है कि वे प्राकृतिक विपदा के समय राज्य सरकार की मदद करें। आज केंद्र और राज्य को आपदाग्रस्तों और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता है। जीएसटी का हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाना चाहिए।