Home Crime पुलिस के वेश में लोगों से करता था ठगी, गिरफ्तार

पुलिस के वेश में लोगों से करता था ठगी, गिरफ्तार

209
0

मुंबई : टीवी सीरियल में काम करने वाले 40 वर्षीय एक अभिनेता को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। अभिनेता पुलिस अधिकारी के वेश में लोगों को ठगने का काम करता था। मंगलवार को एक अधिकारी ने जानकारी दी कि आरोपी मुख्य रूप से उत्तराखंड और चंडीगढ़ में लोगों को अपना शिकार बनाता था। वह देहरादून, चंडीगढ़ और उत्तर भारत के अन्य शहरों में हवाई यात्रा से जाता था और मुंबई वापस आ जाता था।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी टीवी अभिनेता ने ‘चित्तौड़गढ़ की राजकुमारी पद्मिनी’, ‘छत्रपति राजा शिवाजी’, ‘सावधान इंडिया’ सहित अन्य सीरियल और दो हिंदी फिल्मों में छोटे-छोटे रोल किए हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच को देहरादून पुलिस से सूचना मिली थी कि आरोपी ने एक बुजुर्ग महिला से ठगी की और उसके पांच लाख रुपये के गहने लूट लिए। इससे संबंधित देहरादून में पटेल नगर पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आगे जानकारी दी कि देहरादून पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी मुंबई के ओशिवारा में है। इस सूचना के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच सोमवार शाम को उसके आवास पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून पुलिस को सौंप दिया गया है।