Home Maharashtra भिवंडी : फ्लाईओवर बंद होने से शहर में लग रहा जाम

भिवंडी : फ्लाईओवर बंद होने से शहर में लग रहा जाम

59
0

भिवंडी : भिवंडी महानगरपालिका द्वारा राजीव गांधी फ्लाईओवर को रिपेयरिंग के लिए करीब 4 माह के लिए बंद किया गया है। ठेकेदार कंपनी द्वारा धामनकर नाका की तरफ से आधे फ्लाईओवर को रिपेयरिंग के लिए बंद कर रिपेयरिंग शुरू की गई है। फ्लाईओवर बंद होने से धामनकर नाका की तरफ से आने वाले लोगों को यातायात जाम की समस्या से गुजारना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस के बार-बार प्रयास के बावजूद यातायात जाम समस्या का समाधान नहीं हो रहा जिससे शहरवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व रिपेयरिंग के लिए स्व. राजीव गांधी फ्लाईओवर को बंद कर ठेकेदार द्वारा रिपेयरिंग शुरू की गई है। रिपेरिंग के लिए धामनकर नाका की तरफ से फ्लाईओवर पर चढ़ने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है और ट्राफिक को नीचे से कल्याण नाका की तरफ डायवर्ट किया गया है। धामनकर नाका की तरफ से फ्लाईओवर बंद होने से यातायात जाम की समस्या बढ़ रही है। फ्लाईओवर रिपेयरिंग ठेकेदार द्वारा ट्रैफिक विभाग को सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए हैं जो जगह-जगह खड़े रहकर ट्रैफिक कंट्रोल करते दिखाई देते हैं, बावजूद जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। भिवंडी-कल्याण नाका मार्ग पर भी लोगों को भारी यातायात जाम से गुजारना पड़ रहा है।
कल्याण नाका से एसटी स्टैंड, बंजार पट्टी नाका तक वाहनों की भारी भीड़ लगी रहती है। शहर स्थित तीन बत्ती, मंडई, धामनकर नाका कॉलेज मार्ग पर हमेशा यातायात जाम लगा रहता है जिससे लोगों को तकलीफ उठानी पड़ती है। भारी यातायात जाम की वजह से भिवंडी में 9 दिन चले अढ़ाई कोस की कहावत चरितार्थ हो रही है। जागरूक शहरवासियों का गंभीर आरोप है कि ट्रैफिक विभाग वसूली में ज्यादा यातायात जाम निवारण किए जाने में कम दिलचस्पी दिखाता है। शहर के नागरिकों ने मनपा प्रशासन एवं ट्रैफिक विभाग के शीर्ष अधिकारियों से शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किए जाने की मांग की है।